गोवा : मंदिर में उत्सव के दौरान भगदड़, 6 की मौत, 70 घायल

पणजी से 40 किमी दूर शिरगांव के श्री लईराई देवी मंदिर में तड़के करीब तीन बजे हुई घटना
03051-pti05_03_2025_rpt045b
भगदड़ में घायल श्रद्धालुओं को अस्पताल ले जाते पुलिसकर्मी
Published on

पणजी : उत्तरी गोवा के एक मंदिर में शनिवार तड़के एक उत्सव के दौरान भगदड़ मचने से दो महिलाओं सहित 6 लोगों की मौत हो गयी और 70 से अधिक लोग घायल हो गये।

जांच की घोषणा, 6 अफसरों का तबादला

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि यह घटना पणजी से लगभग 40 किलोमीटर दूर शिरगांव के श्री लईराई देवी मंदिर में तड़के करीब तीन बजे हुई। गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने संवादाताओं से बातचीत में भगदड़ की घटना की मजिस्ट्रेट से जांच कराने की घोषणा करने के साथ ही कहा कि स्वतंत्र और निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने के लिए राज्य सरकार ने जिलाधिकारी स्नेहा गिट्टे, पुलिस अधीक्षक (उत्तर) अक्षत कौशल, पुलिस उपाधीक्षक (बिचोलिम) जिवबा दलवी, उप जिलाधिकारी (बिचोलिम) भीमनाथ खोरजूवेकर और पुलिस निरीक्षक दिनेश गाडेकर का तत्काल प्रभाव से तबादला कर दिया गया है।

दर्शनार्थियों के ढलान फर गिरने से मची भगदड़

पुलिस ने बताया कि हजारों श्रद्धालु वार्षिक उत्सव में भाग लेने के लिए मंदिर की संकरी गलियों में उमड़ पड़े और इसी दौरान भगदड़ मच गयी। पुलिस महानिदेशक आलोक कुमार ने बताया कि घायल लोगों का राज्य के विभिन्न अस्पतालों में इलाज जारी है। एक अधिकारी ने बताया कि इस उत्सव के लिए कम से कम 30,000 से 40,000 लोग एकत्र हुए थे और कुछ लोग एक ढलान पर खड़े थे। ढलान पर कुछ लोग गिर गये जिससे अन्य लोग एक-दूसरे पर गिर गये। उन्होंने बताया कि 40 से 50 लोग ढलान पर गिर गये जिसके परिणामस्वरूप भगदड़ मच गई। उन्होंने कहा कि यह भगदड़ ढलान वाले स्थान तक सीमित रही।

गोवा, महाराष्ट्र और कर्नाटक से आये थे हजारों श्रद्धालु

उत्सव में शामिल होने के लिए गोवा, महाराष्ट्र और कर्नाटक से हजारों श्रद्धालु मंदिर में एकत्र हुए थे। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भगदड़ में लोगों की मौत पर दुख व्यक्त किया और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।

logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in