

मोबाइल के साथ पकड़े जाने पर 57 अभ्यर्थियों पर कार्रवाई
मुनमुन, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : राज्यभर में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच रविवार को एसएससी ग्रुप डी की परीक्षा आयोजित की गई। कुल 5488 रिक्त पदों के लिए लगभग 8 लाख 9 हजार अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हो रहे हैं। राज्य के 1707 परीक्षा केंद्रों पर यह परीक्षा कराई जा रही है। परीक्षा शुरू होने से पहले ही स्कूल सर्विस कमीशन (एसएससी) ने 57 अभ्यर्थियों के एडमिट कार्ड रद्द कर दिए। आयोग के अनुसार ये वही उम्मीदवार हैं जो गत रविवार यानी 1 मार्च को आयोजित ग्रुप सी शिक्षाकर्मी भर्ती परीक्षा के दौरान परीक्षा केंद्र में मोबाइल फोन के साथ पकड़े गए थे। इन सभी अभ्यर्थियों ने ग्रुप सी के साथ-साथ ग्रुप डी परीक्षा के लिए भी आवेदन किया था। अनुचित साधनों का उपयोग करने के कारण आयोग ने इनकी दोनों परीक्षाएं रद्द कर दी हैं। एसएससी ने इन अभ्यर्थियों की सूची सभी केंद्र प्रभारी को भेज दी है ताकि उन्हें परीक्षा में बैठने से रोका जा सके।
ट्रेन रद्द होने से बढ़ी परेशानी
राजारहाट से आई परीक्षार्थी प्रियंजना गोलदार ने बताया कि उन्होंने गत रविवार को ग्रुप सी की परीक्षा भी दी थी। उनका कहना है कि यदि भर्ती प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से होती है तो मेहनत करने वाले उम्मीदवारों को निश्चित रूप से नौकरी मिलने की उम्मीद है। हालांकि पहले से कार्यरत उम्मीदवारों को अतिरिक्त पांच अंक दिए जाने से प्रतिस्पर्धा कठिन हो जाती है। इधर, रविवार को हावड़ा और सियालदह शाखा की कई ट्रेनें रद्द होने के कारण परीक्षार्थियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। नदिया से आए एक अभ्यर्थी ने बताया कि उन्हें परीक्षा केंद्र में जूते उतारकर नंगे पैर प्रवेश करना पड़ा। इस परीक्षा में बिहार और उत्तर प्रदेश सहित अन्य राज्यों के अभ्यर्थी भी शामिल हुए हैं। कई उम्मीदवारों ने उम्मीद जताई है कि इस बार भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी होगी।