श्रीनगर में मौसम की पहली बर्फबारी, जम्मू-कश्मीर बर्फ से ढके

जम्मू कश्मीर के अधिकतर हिस्सों में ताजा बर्फबारी हुई, और श्रीनगर में इस मौसम की पहली बर्फबारी हुई है। बर्फबारी के कारण श्रीनगर-जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग बंद कर दिया गया और यहां से 20 से अधिक उड़ानें रद्द करनी पड़ीं।
श्रीनगर में मौसम की पहली बर्फबारी, जम्मू-कश्मीर बर्फ से ढके
-
Published on

श्रीनगरः जम्मू कश्मीर के अधिकतर हिस्सों में ताजा बर्फबारी हुई, और श्रीनगर में इस मौसम की पहली बर्फबारी हुई है। बर्फबारी के कारण श्रीनगर-जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग बंद कर दिया गया और यहां से 20 से अधिक उड़ानें रद्द करनी पड़ीं।

अधिकारियों ने शुक्रवार को बताया कि कश्मीर के मैदानी इलाकों में हल्की से मध्यम बर्फबारी दर्ज की गई, जबकि घाटी के ऊपरी इलाकों और ऊंचे क्षेत्रों में मध्यम से भारी बर्फबारी हुई।

उन्होंने बताया कि शहर के ऊपरी इलाकों में लगभग दो इंच बर्फबारी हुई, जबकि श्रीनगर हवाई अड्डे के आसपास के इलाकों में तीन से चार इंच बर्फबारी दर्ज की गई।

इधर जम्मू क्षेत्र के त्रिकुटा पहाड़ियों की चोटी पर स्थित माता वैष्णो देवी मंदिर में भी इस मौसम की पहली बर्फबारी हुई जिसके कारण प्राधिकारियों को यात्रा स्थगित करनी पड़ी। जम्मू शहर सहित मैदानी इलाकों में मध्यम बारिश हुई। मैदानी इलाकों में पिछले दो महीने से अधिक समय से बारिश नहीं हुई थी।

अधिकारियों ने बताया कि उत्तरी कश्मीर के प्रसिद्ध स्कीइंग रिसॉर्ट गुलमर्ग में दो फुट से अधिक ताजा बर्फबारी हुई, जबकि मध्य कश्मीर के गांदरबल जिले में स्थित सोनमर्ग पर्यटक रिसॉर्ट में छह इंच से अधिक और दक्षिणी कश्मीर के अनंतनाग जिले में स्थित पहलगाम रिसॉर्ट में लगभग तीन इंच बर्फ गिरी। अधिकारियों ने बताया कि बडगाम, बारामूला, कुपवाड़ा, शोपियां, पुलवामा और बांदीपोरा जिलों के कई इलाकों में मध्यम से भारी बर्फबारी दर्ज की गई है, जबकि अनंतनाग और कुलगाम जिलों में हल्की से मध्यम बर्फबारी हुई। अधिकारियों के अनुसार, अंतिम रिपोर्ट मिलने तक हिमपात जारी था।

HA

उन्होंने बताया कि श्रीनगर के मुख्य इलाके के कुछ हिस्सों सहित कुछ अन्य क्षेत्रों में बारिश भी हुई। यहां श्रीनगर हवाई अड्डे पर बर्फ जमा होने के कारण उड़ानों का संचालन बाधित हुआ, क्योंकि रनवे उपलब्ध नहीं था। हवाई अड्डे के अधिकारियों ने कहा, ‘खराब मौसम के कारण अब तक 20 से अधिक उड़ानें रद्द की जा चुकी हैं। फिलहाल रनवे उपलब्ध नहीं है और बर्फबारी रुकने के बाद भी इसे चालू होने में कम से कम चार घंटे लगेंगे।’’

HA

यातायात विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, श्रीनगर-जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग पर भी कई जगहों पर हिमपात और बारिश के कारण यातायात बंद कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि घाटी को जम्मू क्षेत्र से जोड़ने वाला वैकल्पिक मार्ग मुगल रोड भी बंद कर दिया गया है। इसके अलावा, सोनमर्ग और जोजिला धुरी में बर्फबारी के कारण श्रीनगर-लेह राष्ट्रीय राजमार्ग भी यातायात के लिए बंद है। अधिकारियों ने कहा कि लोगों की मदद के लिए जिला प्रशासन और पुलिस ने विभिन्न इलाकों में नियंत्रण कक्ष और हेल्पलाइन स्थापित की हैं।

संबंधित समाचार

No stories found.

कोलकाता सिटी

No stories found.

खेल

No stories found.
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in