नयी दिल्ली : सरकार ने महिला आरक्षण और परिसीमन से जुड़े संविधान संशोधन विधेयकों को पारित कराने की संभावनाओं के बीच मानसून सत्र के लिए लोकसभा की बैठक 30 नवंबर और राज्यसभा की बैठक दो दिसंबर से फिर बुलाने का फैसला किया है।
तीन दिसंबर को समाप्त हो सकती है बैठक
संसदीय कार्यमंत्री किरेन रीजीजू ने गुरुवार को यह जानकारी देते हुए कहा कि दोनों सदनों की बैठक तीन दिसंबर को समाप्त हो सकती है। बाद में लोकसभा सचिवालय ने कहा कि अठारहवीं लोकसभा के आठवें सत्र का दूसरा चरण सोमवार, 30 नवंबर 2026 से प्रारंभ होगा। सचिवालय ने यह भी कहा कि सरकारी कार्य की आवश्यकताओं के अधीन सत्र का समापन बृहस्पतिवार, तीन दिसंबर 2026 को होने की संभावना है। संसद के मानसून सत्र के तहत दोनों सदनों की बैठक 13 अगस्त को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दी गयी थी। हालांकि इसके बाद सत्रावसान नहीं हुआ था।
बिरला और राधाकृष्णन से बैठक बुलाने का अनुरोध
रीजीजू ने ‘एक्स’ पर पोस्ट कर बताया कि सरकार ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और राज्यसभा के सभापति सी पी राधाकृष्णन से दोनों सदनों की बैठक फिर से बुलाने का अनुरोध किया है। सरकार का यह फैसला ऐसे समय आया है जब महिला आरक्षण और परिसीमन से जुड़े संविधान संशोधन विधेयकों को फिर से संसद में लाने की अटकलें लगायी जा रही हैं।
परिसीमन बिल में विपक्ष बाधक : प्रधानमंत्री
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संसद में परिसीमन से संबंधित संविधान संशोधन विधेयक पारित नहीं हो पाने के लिए गुरुवार को विपक्ष के एक दल को जिम्मेदार ठहराया और कहा कि महिलाओं को न्याय दिलाने से कोई ताकत नहीं रोक सकती।
संविधान का अपमान करार : कांग्रेस
कांग्रेस ने सरकार द्वारा दोनों सदनों की बैठक बुलाने के कदम को संविधान का अपमान करार दिया और आरोप लगाया कि ‘ऑपरेशन लोटस’ के 105 दिन बाद संसद की विशेष बैठक बुलाने का फैसला किया गया है। कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने ‘एक्स’ पर पोस्ट कर सरकार के फैसले पर सवाल उठाये। उन्होंने कहा कि 14 अप्रैल, 2026 को अंबेडकर जयंती की शाम मोदी सरकार ने परिसीमन विधेयकों को सार्वजनिक किया था, लेकिन 17 अप्रैल की रात संसद में इन विधेयकों को करारी शिकस्त का सामना करना पड़ा। अब संविधान दिवस पर ‘ऑपरेशन लोटस’ के 105 दिन बाद विशेष सत्र की घोषणा की है।
सरकार का मकसद और संख्याबल?
महिला आरक्षण और परिसीमन से जुड़े प्रस्तावों का उद्देश्य लोकसभा की मौजूदा 543 सीट की संख्या बढ़ाकर अधिकतम 850 करना और 2029 के आम चुनाव से पहले संसद तथा राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण लागू करने का रास्ता साफ करना है। हालांकि विधेयक पारित कराने के लिए सरकार के सामने संख्या बल की चुनौती है। संविधान संशोधन विधेयक पारित कराने के लिए लोकसभा में उपस्थित और मतदान करने वाले सदस्यों के दो-तिहाई समर्थन की आवश्यकता होगी। अगर 540 सदस्यों वाले मौजूदा सदन में यदि सभी सदस्य मतदान करते हैं तो इसके लिए 360 मतों की जरूरत होगी। राजग के पास करीब 320 सदस्य हैं। ऐसे में विधेयक पारित कराने के लिए उसे अन्य दलों के समर्थन की जरूरत होगी।