

नयी दिल्ली : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी की आत्मकथा के विमोचन की आलोचना करते हुए आरोप लगाया है कि यह कांग्रेस के पिछले गलत कार्यों पर पर्दा डालने और नेहरू-गांधी परिवार को ‘क्लीन चिट’ देने की कोशिश है।
भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता सी. आर. केशवन ने कहा कि युवा पीढ़ी के नजरिए से सोनिया गांधी की आत्मकथा का विमोचन कांग्रेस के लिए बेहद नुकसानदेह और ‘आत्मघाती कदम’ साबित हुआ है। उनके मुताबिक, इस पुस्तक ने कांग्रेस के ‘स्याह कुशासन और पुराने गलत कार्यों’ को उजागर कर दिया है, जिनमें 1984 का सिख विरोधी नरसंहार और आपातकाल जैसी घटनाएं शामिल हैं।
केशवन ने कहा कि व्यक्तिगत संस्मरण में किसी भी व्यक्ति को अपना दृष्टिकोण रखने का पूरा अधिकार है, लेकिन सोनिया गांधी की आत्मकथा नेहरू-गांधी परिवार के नेतृत्व वाली कांग्रेस के राजनीतिक गलत कार्यों पर पर्दा डालने की सोची-समझी कोशिश प्रतीत होती है। उन्होंने कहा कि इन गलत कार्यों के लिए कांग्रेस पूरी तरह जिम्मेदार है।
भाजपा प्रवक्ता ने पुस्तक के प्रकाशन और औपचारिक विमोचन के समय पर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि विधानसभा चुनावों से ठीक पहले संस्मरण का प्रकाशन राजनीतिक अवसरवाद की ओर इशारा करता है।
केशवन ने कहा कि ऐतिहासिक तथ्यों को तोड़-मरोड़कर पेश करने, कुछ तथ्यों को छिपाने और घटनाओं को बेहतर रूप में दिखाने के जरिए कांग्रेस के प्रथम परिवार को क्लीन चिट देने की कोशिश की गई है। उन्होंने दावा किया कि पुस्तक को लेकर लगातार हो रही आलोचना और विरोध से यह कोशिश पूरी तरह नाकाम साबित हुई है।
सोनिया गांधी की पुस्तक ‘बिलॉन्गिंग: ए जर्नी ऑफ लव’ का औपचारिक विमोचन 16 नवंबर को यहां आयोजित एक समारोह में किया गया। इस अवसर पर उनके बेटे राहुल गांधी और बेटी प्रियंका गांधी वाद्रा भी मौजूद रहे।
समारोह में विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ के कई वरिष्ठ नेताओं, कांग्रेस शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों और पार्टी के शीर्ष नेताओं ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम में भाजपा नेता और पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह भी शामिल हुए।
पुस्तक के विमोचन समारोह में शामिल प्रमुख नेताओं में समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव, तृणमूल कांग्रेस के नेता अभिषेक बनर्जी, तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी जोसेफ विज., कैप्टन अमरिंदर सिंह तथा कई शीर्ष नेता शामिल थे।