

निधि, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : विश्वकर्मा पूजा पर सोनगाछी में खुशियों का माहौल दिखा। विश्वकर्मा पूजा के जश्न के साथ-साथ राज्य सरकार की ''अन्नपूर्ण योजना'' के तहत कोलकाता के इस रेड-लाइट इलाके की कई महिलाओं को बड़ी राहत मिली है। वोटर लिस्ट के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के दौरान दस्तावेजों को लेकर जो चिंताएं पैदा हुई थीं, वे अन्नपूर्णा योजना के मामले में देखने को नहीं मिलीं। वैध पहचान पत्र और जरूरी न्यूनतम दस्तावेज रखने वाली यौनकर्मियों और स्थानीय महिलाओं के बैंक खातों में योजना की राशि बिना किसी रुकावट के जमा हो गई। यहां तक कि शाम के बाद भी कई महिलाओं के खातों में पैसे ट्रांसफर होने के मैसेज आए, जिसने पूजा के उत्साह को दोगुना कर दिया। वहीं देखा गया कि सरकार की इस योजना का लाभ मिलने के साथ ही कुछ संगठनों द्वारा प्रधानमंत्री के जन्मदिन की खुशियां बनाते हुए मिठाईयां और बच्चों मे पतंगों को वितरण किया गया है।
विशेष शिविर की मांग और नई उम्मीद
''दुर्बार महिला समन्वय समिति'' और ''हम पादातिक'' जैसे सामाजिक संगठनों ने जानकारी दी है कि अधिकांश पात्र महिलाओं को इस वित्तीय सहायता का लाभ मिल चुका है। हालांकि, सत्यापन के समय काम या निजी कारणों से बाहर होने की वजह से कुछ महिलाओं की प्रक्रिया रुकी हुई है। 'दुर्बार महिला समन्वय समिति' की एडवाइजर अमृता सिंह ने कहा कि अन्नपूर्णा ने इनके चेहरे पर मुस्कान ला दी है। साथ ही उम्मीद है कि सरकार छूटी हुई महिलाओं के लिए जल्द ही विशेष शिविर आयोजित करेगी। हमने विशेष कैंप की अपील की है। इससे पहले एसआईआर प्रक्रिया के दौरान साल 2002 के पुराने दस्तावेजों से जुड़ी दिक्कतों को सुलझाने के लिए चुनाव आयोग ने विशेष पहल की थी, वैसी ही व्यवस्था की मांग अब भी की जा रही है। लगभग 10,000 यौनकर्मियों वाले इस क्षेत्र में सीधे बैंक खाते में पैसे आने से विश्वकर्मा पूजा के अवसर पर सोनागाछी में राहत का माहौल बना हुआ है।