

निधि, सन्मार्ग संवाददाता
जगदल: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण से पहले जगदल विधानसभा क्षेत्र का राजनीतिक पारा चढ़ गया है। टीएमसी उम्मीदवार सोमनाथ श्याम ने एक 'लाल फाइल' का हवाला देते हुए भाजपा उम्मीदवार राजेश कुमार के खिलाफ भ्रष्टाचार और धोखाधड़ी के गंभीर आरोप लगाए हैं। सोमनाथ श्याम का दावा है कि उनके पास राजेश कुमार के खिलाफ पुख्ता सबूत हैं और वे 4 तारीख के बाद इन दस्तावेजों के साथ कोर्ट का दरवाजा खटखटाएंगे।
सोमनाथ श्याम के आरोप
सोमनाथ श्याम ने दावा किया कि राजेश कुमार ने सीबीआई (CBI) की जांच से बचने के लिए भाजपा का दामन थामा है। उन्होंने आरोप लगाया कि राजेश कुमार ने अपने पद का दुरुपयोग कर कई व्यापारियों के साथ धोखाधड़ी की है और उनके कई अवैध कारोबार चल रहे हैं। इतना ही नहीं, टीएमसी प्रत्याशी ने राजेश कुमार की 'पदवी' (सरनेम) को लेकर भी सवाल खड़े किए हैं।
राजेश कुमार का पलटवार
इन आरोपों को पूरी तरह निराधार बताते हुए भाजपा उम्मीदवार राजेश कुमार ने जोरदार पलटवार किया। उन्होंने कहा, "मेरे पास कोई अवैध संपत्ति या व्यवसाय नहीं है; मैं आज भी किराए के मकान में रहता हूं।" उन्होंने उल्टा सोमनाथ श्याम की पत्नी की संपत्ति पर सवाल उठाए। प्रदूषण विभाग से उगाही के आरोपों पर उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि उस विभाग की प्रमुख खुद ममता बनर्जी हैं, इसलिए सोमनाथ को यह सवाल अपनी ही नेता से पूछना चाहिए। पदवी के विवाद पर उन्होंने स्पष्ट किया कि उन्होंने इसी नाम से राज्य सरकार के अधीन लंबे समय तक मंत्री ममता बनर्जी के कार्यकाल में नौकरी की है।