

मुनमुन, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : NEET-UG परीक्षा रद्द होने की खबर से जहां लाखों छात्रों के सपनों पर अचानक ब्रेक लग गया, वहीं साउथ पॉइंट स्कूल की छात्रा सोमदत्ता मंडल ने इस मुश्किल घड़ी को भी अपने हौसले के आगे छोटा साबित कर दिया। एक तरफ परीक्षा दोबारा होने की चिंता, दूसरी तरफ सीबीएसई बोर्ड के शानदार नतीजे इन दोनों के बीच सोमदत्ता ने 98 प्रतिशत से अधिक अंक हासिल कर यह दिखा दिया कि आत्मविश्वास और मेहनत के सामने कोई बाधा बड़ी नहीं होती। डॉक्टर बनने का सपना आंखों में लिए साउथ पॉइंट स्कूल की यह मेधावी छात्रा अब पहले से ज्यादा जोश के साथ NEET की फिर से तैयारी में जुट गई है।
डॉक्टर बनने का सपना, NEET फिर जीतने का जुनून
हालांकि, सोमदत्ता ने इस परिस्थिति को निराशा नहीं, बल्कि एक नए अवसर के रूप में देखा। उनका कहना है कि पिछली परीक्षा में उनसे दो छोटी गलतियां हुई थीं, जिन्हें अब वह दोबारा होने नहीं देंगी। उन्होंने कहा, “जो हुआ, अच्छे के लिए हुआ। अब मुझे फिर से बेहतर तैयारी के साथ परीक्षा देनी है।” सोमदत्ता बचपन से ही विज्ञान विषयों में गहरी रुचि रखती हैं। विशेष रूप से प्राणीशास्त्र और भौतिकी उनके प्रिय विषय हैं। दिलचस्प बात यह है कि सीबीएसई बोर्ड परीक्षा में उन्हें रसायन विज्ञान में पूरे 100 में 100 अंक मिले। इसके अलावा जीव विज्ञान में 99, गणित में 99, भौतिकी में 97 और अंग्रेजी में 98 अंक प्राप्त हुए। उन्होंने बताया कि भौतिकी के प्रति उनका लगाव उनके पिता की वजह से विकसित हुआ, जो स्वयं भौतिकी के शिक्षक हैं। बचपन से ही पिता के मार्गदर्शन में पढ़ाई करने वाली सोमदत्ता का सपना एक सफल डॉक्टर बनने का है। उनका मानना है कि मेहनत और आत्मविश्वास के दम पर वह अपने लक्ष्य को अवश्य हासिल करेंगी।