

सबिता, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : राज्य के पर्यटन विभाग के नए लोगो के उद्घाटन कार्यक्रम धनधान्य ऑडिटोरियम में पर्यटन विभाग की राज्य मंत्री पूर्णिमा चक्रवर्ती ने बंगाल के पर्यटन क्षेत्र को नई ऊंचाइयों पर ले जाने का भरोसा जताया। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में पर्यटन विभाग अपने कार्यों को और अधिक बेहतर, प्रभावी और व्यवस्थित तरीके से आगे बढ़ाएगा। राज्य में पर्यटन की अपार संभावनाओं को विकसित करने के लिए विभाग पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रहा है। पूर्णिमा चक्रवर्ती ने कहा कि पश्चिम बंगाल प्राकृतिक सौंदर्य, ऐतिहासिक विरासत, धार्मिक स्थलों, समुद्र तटों, पहाड़ों और समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं से संपन्न है।
राज्य के पर्यटन स्थलों को देश-दुनिया के पर्यटकों के सामने नए आकर्षण और आधुनिक सुविधाओं के साथ प्रस्तुत किया जायेगा। इसके लिए पर्यटन विभाग आने वाले दिनों में कई महत्वपूर्ण कदम उठाएगा।उन्होंने विश्वास जताया कि सरकार की नई पहल से बंगाल में पर्यटन को नई गति मिलेगी और देश-विदेश से अधिक पर्यटक राज्य की ओर आकर्षित होंगे। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में बंगाल का पर्यटन अनुभव इतना बेहतर और यादगार होगा कि यहां आने वाला हर पर्यटक खुशी के साथ कहने को मजबूर हो जाएगा, “मुस्कुराइए, आप शुभेंदु दा के बंगाल में हैं।”
बंगाल के पर्यटन को देश-दुनिया के मानचित्र पर नई पहचान दिलाने के लक्ष्य के साथ राज्य की नयी सरकार ने पर्यटन विभाग को नई ब्रांडिंग और नई दिशा देने की शुरूआत कर दी है। धन्यधान्य ऑडिटोरियम में आयोजित कार्यक्रम में सीएम शुभेंदु अधिकारी ने पर्यटन विभाग के नए लोगो और रिंगटोन का अनावरण किया। इस मौके पर पर्यटन विभाग के मंत्री डॉ. शंकर घोष, उद्योग मंत्री तापस राय, पर्यटन विभाग की राज्य मंत्री पूर्णिमा चक्रवर्ती, सीएम के मुख्य सलाहकार डॉ. सुब्रत गुप्ता, पर्यटन विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव बरुण राय सहित कई अधिकारी उपस्थित थे।