

नई दिल्ली : स्लोवेनिया की राजधानी ल्युब्ल्याना स्थित भारतीय दूतावास के परिसर को भारत विरोधी तत्वों ने क्षतिग्रस्त किया। भारत ने कड़े शब्दों में इसकी निंदा की है साथ ही घटना के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
विदेश मंत्रालय ने जारी किया बयान
विदेश मंत्रालय ने सोमवार को बयान जारी करते हुए कहा कि एक बयान में, विदेश मंत्रालय ने कहा, "हम स्लोवेनिया के ल्युब्लियाना में हमारे दूतावास परिसर को भारत-विरोधी तत्वों द्वारा नुकसान पहुंचाने की निंदा करते हैं।
राजनयिक को मिलनी चाहिए सुरक्षा
अंतरराष्ट्रीय कानून के तहत राजनयिक मिशनों को मिलने वाली सुरक्षा का जिक्र करते हुए विदेश मंत्रालय ने कहा कि वियना कन्वेंशन के तहत, राजनयिक परिसरों का उल्लंघन नहीं किया जा सकता और उनकी सुरक्षा की जानी चाहिए।
मामला जोर-शोर से उठाया
विदेश मंत्रालय ने कहा कि हमने नई दिल्ली और ल्युब्लियाना, दोनों जगहों पर स्लोवेनियाई अधिकारियों के साथ यह मामला जोर-शोर से उठाया है ताकि ऐसी निंदनीय हरकतों के पीछे के दोषियों को जवाबदेह ठहराया जा सके।
ल्युब्ल्याना के अधिकारियों से की अपील
विदेश मंत्रालय ने बयान में आगे कहा कि हम दूसरी जगहों पर कानून लागू करने वाले अधिकारियों से भी अपील करते हैं कि वे ऐसे समूहों द्वारा फैलाए जा रहे नफ़रत भरे प्रचार और गलत जानकारी पर ध्यान दें।
पिछले महीने स्लोवेनिया के विदेश मंत्री से मिले थे अमित नारंग
उल्लेखनीय है कि भारत और स्लोवेनिया इन दिनों अपने द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करने की दिशा में काम कर रहे हैं। इसी दिशा में स्लोवेनिया में भारत के राजदूत अमित नारंग ने राजनयिक और आर्थिक सहयोग को आगे बढ़ाने पर चर्चा करने के लिए स्लोवेनिया के विदेश और यूरोपीय मामलों के मंत्री टोन काइजर से मुलाकात की थी।