सो रही महिला की पीटकर निर्मम हत्या

नदिया के फुलिया में फैली सनसनी,दीवार में सेंध लगाकर घर में घुसे हमलावर,
Sleeping Woman Beaten to Death in Fulia Nadia After Wall Breach
सांकेतिक फोटो
Published on

निधि, सन्मार्ग संवाददाता

नदिया : नदिया जिले के फुलिया अंतर्गत प्रफुल्लनगर इलाके में रविवार देर रात घर की दीवार में सेंध लगाकर एक महिला की निर्मम हत्या कर दी गई। मृतका की पहचान 50 वर्षीय मिनती विश्वास के रूप में हुई है। घटना के समय मिनती अपने कमरे में सो रही थी, जबकि पास के कमरे में उनका बेटा और बहू मौजूद थे। देर रात करीब साढ़े 12 बजे किसी असामान्य आवाज पर जब बहू मौमिता बाहर निकलने लगी, तो उनका दरवाजा बाहर से बंधा हुआ मिला। किसी तरह दरवाजा तोड़कर बाहर आने पर परिजनों ने देखा कि मिनती खून से लथपथ पड़ी हैं। कमरे में टूटी चूड़ियां, महिला के टूटे दांत और बिस्तर के पास एक खून से सनी ईंट व हंसुआ बरामद हुआ।

चोरी की नीयत नहीं, अनुचित प्रस्ताव ठुकराने पर हत्या का आरोप

परिजनों का आरोप है कि घर में दो जगहों पर सेंध लगाई गई थी, लेकिन कोई भी कीमती सामान चोरी नहीं हुआ है। मृतका के परिवार का दावा है कि एक स्थानीय व्यक्ति द्वारा दिए गए अनुचित प्रस्ताव को ठुकराने के कारण रंजिश में इस वारदात को अंजाम दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही फुलिया थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस व्यक्तिगत दुश्मनी, प्रेम प्रसंग और चोरी समेत तमाम संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की सघन जांच कर रही है।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in