श्यामनगर : दोस्त ने ली दोस्त की जान, अभियुक्त गिरफ्तार

Shyamnagar: Friend kills friend, accused arrested.
सांकेतिक फोटो User
Published on

निधि, सन्मार्ग संवाददाता

जगदल : जगदल के श्यामनगर इलाके में मंगलवार की रात एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। वासुदेवपुर थाना अंतर्गत पिनकल इलाके में दोस्तों के बीच चल रही शराब की पार्टी अचानक कत्लगाह में तब्दील हो गई। यहाँ दो गहरे दोस्तों के बीच हुए विवाद के बाद एक दोस्त ने दूसरे पर धारलो हथियार से हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया। मृतक की पहचान ५५ वर्षीय बिरजू बांसफोर के रूप में हुई है।

शराब पीने के दौरान हो गया था विवाद

स्थानीय सूत्रों और पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मंगलवार की रात श्यामनगर के २२ नंबर रेल गेट के पास पिनकल इलाके में बिरजू बासफोर और उसका दोस्त अमित चौधरी एक साथ बैठकर शराब पी रहे थे। शुरुआती हंसी-मजाक के बाद अचानक किसी पुरानी बात या नशे की हालत में हुई बहस को लेकर दोनों के बीच तीखी नोकझोंक शुरू हो गई।

विवाद इतना बढ़ गया कि आवेश में आकर अमित चौधरी ने पास रखे एक धारदार हथियार से बिरजू पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। बिरजू के शरीर पर गंभीर घाव हुए और वह खून से लथपथ होकर वहीं जमीन पर गिर पड़ा। चीख-पुकार सुनकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और घायल बिरजू को तुरंत भाटपाड़ा अस्पताल ले जाया गया। हालांकि, अस्पताल पहुँचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर अभियुक्त को किया गिरफ्तार

हत्या की सूचना मिलते ही वासुदेवपुर और नोआपाड़ा थाने की पुलिस सक्रिय हो गई। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया और चश्मदीदों के बयान दर्ज किए। आरोपी अमित चौधरी वारदात को अंजाम देने के बाद फरार होने की फिराक में था, लेकिन नोआपाड़ा थाना पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए घटना के कुछ ही घंटों के भीतर मुख्य आरोपी अमित चौधरी को धर दबोचा।

पकड़े गए आरोपी अमित चौधरी को बुधवार को बैरकपुर अदालत में पेश किया गया। पुलिस आरोपी की रिमांड मांग रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि क्या इस हत्या के पीछे कोई पुरानी रंजिश थी या यह केवल नशे के प्रभाव में लिया गया एक तात्कालिक फैसला था।

इस घटना के बाद श्यामनगर और आसपास के इलाकों में शोक और तनाव का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि शराब की महफिलों के कारण इलाके में अक्सर अशांति रहती है, जिसने आज एक व्यक्ति की जान ले ली। बिरजू के परिवार में मातम छाया हुआ है और उन्होंने आरोपी के लिए सख्त से सख्त सजा की मांग की है।

संबंधित समाचार

No stories found.

कोलकाता सिटी

No stories found.

खेल

No stories found.
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in