एयर कंप्रेसर फटने से उड़ी दुकान की दीवारें

भीषण विस्फोट से दहला गोबेरिया मार्केट
Shop walls blown away due to air compressor explosion
मशीन के बचे अवशेष REP
Published on

निधि, सन्मार्ग संवाददाता

बारासात : उत्तर 24 परगना जिले के हाड़ोआ ब्लॉक अंतर्गत जांगालटी गांव के गोबेरिया मार्केट में बुधवार सुबह एक जोरदार धमाके से पूरा इलाका थर्रा उठा। धमाका इतना शक्तिशाली था कि एक कार सर्विसिंग सेंटर की दीवारें और छत के परखच्चे उड़ गए। प्राथमिक जांच में पता चला है कि यह विस्फोट दुकान के अंदर रखी हवा भरने वाली कंप्रेसर मशीन के फटने से हुआ है।

सुबह-सवेरे जोरदार धमाका

दुकान के मालिक तरीकुल इस्लाम ने बताया कि सुबह अचानक एक विकट आवाज सुनाई दी। जब तक लोग कुछ समझ पाते, दुकान के भीतर आग लग गई। तरीकुल ने बताया कि जैसे ही वे दुकान की ओर दौड़े, सर्विसिंग सेंटर में रखा एयर कंप्रेसर मशीन एक बड़े धमाके के साथ फट गया। विस्फोट की तीव्रता इतनी अधिक थी कि दुकान की कंक्रीट की दीवारें ढह गईं और ऊपर की छावनी पूरी तरह उड़ गई।

बाल-बाल टला बड़ा हादसा

गनीमत यह रही कि यह हादसा दुकान खुलने से ठीक पहले हुआ। घटना के वक्त दुकान के भीतर न तो कोई कर्मचारी मौजूद था और न ही कोई ग्राहक। यदि यह विस्फोट दुकान खुलने के बाद होता, तो कई लोगों की जान जा सकती थी। इस हादसे में कोई हताहत तो नहीं हुआ, लेकिन लाखों रुपये की मशीनें और दुकान पूरी तरह नष्ट हो गई है।

पुलिस की जांच शुरू

विस्फोट के कारणों को लेकर रहस्य बना हुआ है। बंद दुकान के भीतर अचानक कंप्रेसर मशीन कैसे फटी और क्या इसके पीछे कोई अन्य तकनीकी कारण या बाहरी साजिश थी, इसकी जांच के लिए हाड़ोआ थाने की पुलिस मौके पर पहुंच गई है। पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर दी है और मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in