उभरते हुए 10 खिलाड़ियों को 70-70 हजार रुपये देंगे शिवम दुबे

तमिलनाडु खेल पत्रकार संघ के पुरस्कार और छात्रवृत्ति समारोह के दौरान की घोषणा
उभरते हुए 10 खिलाड़ियों को 70-70 हजार रुपये देंगे शिवम दुबे
Published on: 

चेन्नई : भारतीय ऑलराउंडर शिवम दुबे ने युवाओं को प्रोत्साहित करने वाला कदम उठाते हुए मंगलवार को तमिलनाडु के 10 उभरते हुए खिलाड़ियों को 70-70 हजार रुपये देने का वादा किया। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) का प्रतिनिधित्व करने वाले दुबे ने यहां तमिलनाडु खेल पत्रकार संघ (टीएनएसजेए) के पुरस्कार और छात्रवृत्ति समारोह के दौरान यह दिल को छू लेने वाला फैसला लिया। दुबे को यह पुरस्कार टीएनएसजेए द्वारा दी जाने वाली 30,000 रुपये की छात्रवृत्ति के अतिरिक्त दिया गया। दुबे ने समारोह के दौरान कहा कि जब मैं टीम होटल से इस स्थान पर आ रहा था, तो डॉ. बाबा (टीएनसीए सचिव) ने मुझे बताया कि यह (कार्यक्रम) यहां के कुछ युवाओं की मदद करने का एक प्रयास है। ऐसे में यह कदम सभी युवा एथलीटों का हौसला बढ़ायेगा। इस कार्यक्रम में सीएसके के मुख्य कार्यकारी अधिकारी काशी विश्वनाथन भी शामिल हुए।

भारत की टी-20 विश्व कप 2024 विजेता टीम का हिस्सा दुबे : भारत की टी-20 विश्व कप 2024 विजेता टीम का हिस्सा रहे इस क्रिकेटर ने कहा कि इस तरह के पुरस्कार भले ही छोटे हों लेकिन यह युवा एथलीटों को देश का नाम रोशन करने के लिए प्रेरणा का काम करेंगे। उन्होंने कहा कि ये छोटी-छोटी चीजें उन्हें कड़ी मेहनत करने और देश को गौरवान्वित करने के लिए अतिरिक्त प्रेरणा प्रदान करती हैं। मुझे अन्य राज्यों के बारे में पता नहीं है लेकिन मैंने मुंबई में ऐसी पहल देखी है। मैं निश्चित रूप से अन्य राज्यों को भी ऐसे कार्यक्रम शुरू करने के लिए कहूंगा।

इन युवाओं को मिली छात्रवृत्ति : समारोह के दौरान मुख्य अतिथि रहे दुबे ने कहा कि यह 30,000 रुपये एक छोटी राशि लग सकती है, लेकिन यह प्रोत्साहन के रूप में काम करती है। जब आप युवा होते हैं, तो हर पैसा और हर पुरस्कार वास्तव में मायने रखता है। जिन प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को छात्रवृत्ति से सम्मानित किया गया उनमें पीबी अभिनंद (टेबल टेनिस), केएस वेनिसा श्री (तीरंदाजी), मुथुमीना वेल्लासामी (पैरा एथलेटिक्स), शमीना रियाज (स्क्वॉश), जयंत आरके, एस नंदना (दोनों क्रिकेट), कमली पी (सर्फिंग), आर अबिनया, आरसी जितिन अर्जुनन (दोनों एथलेटिक्स), और ए तक्षनाथ (शतरंज) का नाम शामिल है।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in