

निधि, सन्मार्ग संवाददाता
हावड़ा: राज्य मंत्री उमेश राय ने बुधवार को हावड़ा के शिवपुर स्थित बर्निंग घाट का दौरा कर वहां प्रस्तावित मरम्मत, नवीनीकरण और विकास कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ हावड़ा नगर निगम के संबंधित अधिकारी तथा प्रेरणा फाउंडेशन के सदस्य भी मौजूद थे। निरीक्षण के दौरान मंत्री ने श्मशान घाट में मौजूद वर्तमान सुविधाओं का बारीकी से जायजा लिया। साथ ही अधिकारियों और संबंधित संस्था के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर प्रस्तावित विकास कार्यों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान इस बात पर विशेष जोर दिया गया कि नवीनीकरण का काम योजनाबद्ध तरीके से और निर्धारित समय के भीतर पूरा किया जाए, ताकि स्थानीय लोगों को जल्द से जल्द बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
कहा- बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन का लक्ष्य
राज्य मंत्री उमेश राय ने बताया कि शिवपुर बर्निंग घाट के विकास को लेकर आवश्यक कदमों और सुविधाओं पर विचार-विमर्श किया गया है। उनका उद्देश्य इस महत्वपूर्ण सार्वजनिक स्थल को अधिक स्वच्छ, सुव्यवस्थित और सुविधाजनक बनाना है। उन्होंने कहा कि अंतिम संस्कार जैसे संवेदनशील अवसर पर लोगों को सम्मानजनक वातावरण और आवश्यक सुविधाएं मिलनी चाहिए। इसी सोच के साथ घाट के बुनियादी ढांचे में सुधार और अन्य जरूरी विकास कार्य किए जाने की योजना है। मंत्री ने आशा जताई कि सभी संबंधित विभागों और संस्थाओं के समन्वय से प्रस्तावित कार्य समयबद्ध ढंग से पूरे होंगे और स्थानीय समुदाय को इसका सीधा लाभ मिलेगा।