शास्त्र विश्वविद्यालय के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई पर रोक

सुप्रीम कोर्ट ने दिया फैसला
शास्त्र विश्वविद्यालय के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई पर रोक
Published on: 

नयी दिल्ली : सुप्रीम कोर्ट ने तमिलनाडु सरकार पर तंजावुर स्थित शास्त्र विश्वविद्यालय के खिलाफ किसी भी तरह की दंडात्मक कार्रवाई करने पर सोमवार को रोक लगा दी। विश्वविद्यालय पर 31.37 एकड़ सरकारी जमीन पर अतिक्रमण करने का आरोप है।

भारत के प्रधान न्यायाधीश सूर्यकांत और न्यायमूर्ति जॉयमाल्या बागची एवं न्यायमूर्ति वी. मोहना के पीठ ने विश्वविद्यालय के खिलाफ किसी भी तरह की दंडात्मक कार्रवाई पर रोक लगाने संबंधी अपने अंतरिम आदेश को बरकरार रखते हुए उसे अंतिम आदेश का रूप दे दिया और विश्वविद्यालय की याचिका को अंतिम सुनवाई के लिए सूचीबद्ध किया।

पीठ ने तमिलनाडु सरकार की ओर से पेश वरिष्ठ अधिवक्ता जयदीप गुप्ता के इस बयान का संज्ञान लिया कि राज्य सरकार मामले को आपसी सहमति से नहीं सुलझाना चाहती और अपनी जमीन वापस चाहती है। न्यायालय ने राज्य सरकार को विश्वविद्यालय की याचिका पर अपना जवाब दाखिल करने का निर्देश दिया। विश्वविद्यालय की ओर से पेश वरिष्ठ अधिवक्ता मुकुल रोहतगी और अभिषेक सिंघवी ने कहा कि शास्त्र विश्वविद्यालय इसके बदले दूसरी जमीन देने को तैयार है लेकिन राज्य सरकार विवाद सुलझाना नहीं चाहती।

इससे पहले 21 सितंबर को सुप्रीम कोर्ट ने तमिलनाडु सरकार से इस पर विचार करने को कहा था कि क्या विश्वविद्यालय के कथित कब्जे वाली 31.37 एकड़ जमीन के बदले कोई अन्य उपयुक्त जमीन स्वीकार की जा सकती है। पीठ ने कहा था कि इस जमीन का इस्तेमाल एक शिक्षण संस्थान के लिए किया जा रहा है, जो जनहित के उद्देश्य से काम कर रहा है। उसने विश्वविद्यालय को जमीन से हटाने और उसके भवनों को ध्वस्त करने पर राज्य सरकार के जोर देने पर भी सवाल उठाया था।

इससे पहले 15 जनवरी को पीठ ने मद्रास उच्च न्यायालय के उस आदेश पर रोक लगा दी थी, जिसमें तंजावुर की सरकारी जमीन से शनमुघा कला, विज्ञान, प्रौद्योगिकी एवं अनुसंधान अकादमी (शास्त्र) को बेदखल करने का निर्देश दिया गया था। सुप्रीम कोर्ट ने उस समय कहा था कि तमिलनाडु सरकार को इस विवाद को ‘प्रतिष्ठा का प्रश्न’ नहीं बनाना चाहिए। शास्त्र तंजावुर के तिरुमलैसमुद्रम में स्थित एक प्रमुख निजी मानद विश्वविद्यालय है।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News