शांतिपुर में दो युवकों पर धारदार हथियार से हमला, एक की हालत गंभीर

बंगाल चुनाव के बाद नदिया में हिंसा का आरोप
Shantipur Violence: Two Youths Attacked with Sharp Weapons in Nadia Post-Polls
सांकेतिक फोटो User
Published on

निधि, सन्मार्ग संवाददाता

नदिया : पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण का मतदान संपन्न होते ही नादिया जिले का शांतिपुर इलाका रक्त रंजित हो उठा है। बुधवार शाम शांतिपुर नगरपालिका के 17 नंबर वार्ड में दो युवकों पर अज्ञात बदमाशों ने धारदार हथियारों से जानलेवा हमला किया। इस हमले में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिन्हें स्थानीय लोगों की मदद से अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इनमें से एक युवक की हालत अत्यंत चिंताजनक बनी हुई है।

रास्ते में रोककर अचानक किया गया हमला

पुलिस और स्थानीय सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, घायल युवकों की पहचान विनय कर और रंजन नंदी के रूप में हुई है। विनय हरिपुर पंचायत के मेलर मठ इलाके का रहने वाला है, जबकि रंजन शांतिपुर नगरपालिका के 17 नंबर वार्ड के मठपाड़ा का निवासी है। बताया जा रहा है कि बुधवार शाम को दोनों एक मोटरसाइकिल पर सवार होकर जा रहे थे। उसी दौरान कुछ बदमाशों ने उनका रास्ता रोका और उन पर धारदार हथियारों से हमला बोल दिया। युवकों के चिल्लाने की आवाज सुनकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे, जिन्हें देखकर हमलावर फरार हो गए।

हमले के पीछे की वजह अब भी स्पष्ट नहीं

घटना की सूचना मिलते ही 17 नंबर वार्ड के तृणमूल पार्षद दीपांकर साहा मौके पर पहुंचे और घायलों को लहूलुहान अवस्था में अस्पताल पहुंचाया। घायल विनय कर ने बताया कि वे थाने में हाजिरी देकर लौट रहे थे और रास्ते में एक चाय की दुकान पर रुके थे, तभी बारिश शुरू हो गई और अचानक बदमाशों के एक समूह ने उन पर हमला कर दिया। विनय ने दावा किया कि उन्होंने हमलावरों में 'सबुज' नाम के एक युवक को पहचाना है। हालांकि, यह हमला राजनीतिक रंजिश के कारण हुआ है या पुरानी व्यक्तिगत दुश्मनी की वजह से, इसे लेकर अभी भी संशय बना हुआ है। शांतिपुर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश में छापेमारी की जा रही है।

logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in