निधि, सन्मार्ग संवाददाता
नदिया : नदिया जिले के शांतिपुर ब्लॉक कार्यालय परिसर में जारी मरम्मत कार्य के दौरान उस वक्त सनसनी फैल गई, जब जमीन के नीचे से लोहे का एक विशालकाय रहस्यमयी संदूक बरामद हुआ। भारी-भरकम संदूक के चारों ओर लोहे की मोटी जंजीरें लिपटी थीं और उसके आसपास सांपों का डेरा बना हुआ था, जिसे देखकर मजदूर डर के मारे भाग खड़े हुए।
घटना की सूचना मिलते ही शांतिपुर के बीडीओ सब्यसाची राय और पंचायत समिति के उपाध्यक्ष चंचल चक्रवर्ती प्रशासनिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे। वन विभाग और पुलिस की मौजूदगी में संदूक को बाहर निकालने की प्रक्रिया शुरू हुई। अलमारी के आकार का यह संदूक काफी बड़ा और भारी था, जिससे इसे निकालने में काफी समय लगा। इलाके में खबर फैलते ही उत्सुक लोगों की भीड़ जमा हो गई।
संदूक के बाहर आने पर सभी के मन में खजाने या ऐतिहासिक दस्तावेजों को लेकर काफी उत्सुकता थी। हालांकि, जब संदूक को खोला गया तो सारी अटकलों पर विराम लग गया। संदूक के अंदर मिट्टी और कुछ पुराने फटे हुए कागजों के अलावा कुछ नहीं मिला। अधिकारियों के अनुसार, पुराना भवन बहुत प्राचीन है और संभवतः उस दौर में दस्तावेजों को सुरक्षित रखने के लिए इसका इस्तेमाल किया जाता था।