

नंदीग्राम से आज नामांकन भरेंगे शुभेंदु अधिकारी
प्रीति, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : पश्चिम बंगाल की सियासत में चुनावी हलचल तेज हो गई है। इसी बीच भाजपा प्रदेश अध्यक्ष शमीक भट्टाचार्य ने राज्य में लोकतांत्रिक अधिकारों के हनन का आरोप लगाते हुए सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस सरकार पर निशाना साधा है। भट्टाचार्य ने कहा कि किसी भी लोकतंत्र की आधारशिला विरोध करने का अधिकार होता है, लेकिन बंगाल में विपक्ष के इस संवैधानिक अधिकार को लगातार दबाया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी को अब तक 104 से अधिक बार रैली और जनसभा के लिए अदालत की अनुमति लेनी पड़ी, जबकि उन्हें 11 महीनों के लिए विधानसभा से निलंबित भी किया गया। उन्होंने 2021 के नंदीग्राम चुनाव का उल्लेख करते हुए आरोप लगाया कि जीत के बाद भी शुभेंदु अधिकारी पर हमला किया गया और उनकी गाड़ी पर पेट्रोल डालकर जान से मारने की कोशिश की गई। भट्टाचार्य ने कहा कि तृणमूल कांग्रेस को नंदीग्राम में उनके खिलाफ उम्मीदवार तलाशने में कठिनाई हो रही है। इस बीच, शुभेंदु अधिकारी आज दोपहर 12 बजे हल्दिया में नंदीग्राम विधानसभा सीट से अपना नामांकन दाखिल करेंगे। इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष दिलीप घोष और अन्य वरिष्ठ नेता मौजूद रहेंगे। भट्टाचार्य ने 6 मुरलीधर सेन लेन स्थित पार्टी कार्यालय के ऐतिहासिक महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि यह भाजपा की “आत्मा” और “प्राण” है, जहां से पार्टी की वैचारिक धारा को मजबूती मिली है।