

लाहौर, 30 मार्च : शाहीन अफरीदी और सिकंदर रजा को पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) के दौरान होटल के सुरक्षा प्रोटोकॉल का उल्लंघन करने का दोषी पाया गया है। दोनों खिलाड़ी लाहौर कलंदर्स से जुड़े हैं। लाहौर पुलिस के डीआईजी (ऑपरेशंस) मोहम्मद फैसल ने PSL के सीईओ को भेजी रिपोर्ट में बताया कि शहर के एक पांच सितारा होटल में, जहां लीग की आठों टीमें ठहरी हुई हैं, सुरक्षा नियमों का गंभीर उल्लंघन हुआ।
रिपोर्ट के मुताबिक, पहले से चेतावनी और मनाही के बावजूद शाहीन और रजा ने सिकंदर रजा के कमरे में चार मेहमानों को बुलाया। ये मेहमान आठवीं मंजिल पर स्थित कमरे में देर रात करीब डेढ़ बजे तक रुके रहे। बताया गया कि लाहौर कलंदर्स के मीडिया अधिकारी ने मेहमानों को रात 10:35 बजे तक और बाद में 11 बजे तक रुकने की अनुमति मांगी थी, लेकिन सुरक्षा कारणों से इसे खारिज कर दिया गया।
इसके बाद टीम के मालिक ने PSL के सीईओ सलमान नसीर से भी अनुमति का अनुरोध किया, जिसे फिर से सुरक्षा कारणों से अस्वीकार कर दिया गया। इसके बावजूद, चारों मेहमान होटल पहुंचे और रजा के कमरे में देर रात तक ठहरे रहे, जो स्थापित सुरक्षा प्रोटोकॉल का स्पष्ट उल्लंघन माना गया है। इस घटना को लेकर अब आगे कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है।