

निधि, सन्मार्ग संवाददाता
हावड़ा : मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक शनिवार की सुबह हावड़ा के उलूबेड़िया और आसपास के इलाकों में अचानक तेज आंधी के साथ भारी बारिश शुरू हो गई। इस बारिश से पिछले कुछ दिनों से जारी भीषण गर्मी से लोगों को राहत तो मिली, लेकिन महज कुछ ही मिनट के तूफान ने उलूबेड़िया के फतेपुर इलाके में भारी तबाही मचा दी। स्थानीय निवासियों के अनुसार, शनिवार की सुबह अचानक आसमान में काले बादल छा गए और कड़कती बिजली के साथ तेज हवाएं चलने लगीं। तूफान की रफ्तार इतनी तेज थी कि फतेपुर इलाके में कई विशाल पेड़ जड़ से उखड़ गये।
बिजली के खंभे और पेड़ उखड़ने से जनजीवन हुआ अस्त-व्यस्त
इसके अलावा, तेज हवाओं के कारण कई बिजली के खंभे भी धराशायी हो गए, जिससे पूरे इलाके की बिजली आपूर्ति ठप हो गई और जनजीवन पूरी तरह से ठहर गया। आंधी का आलम यह था कि कई घरों की टिन की छतें उड़ गईं और इलाके में एक मांगलिक कार्यक्रम के लिए बनाया गया पंडाल भी पूरी तरह तहस-नहस हो गया। गनीमत यह रही कि इस आपदा में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। तूफान थमने के तुरंत बाद उलूबेड़िया नगर पालिका के प्रतिनिधि स्थिति का जायजा लेने घटनास्थल पर पहुंचे। नगर पालिका की ओर से युद्ध स्तर पर सड़कों को साफ करने का काम शुरू कर दिया गया ताकि यातायात और बिजली व्यवस्था बहाल की जा सके। उलूबेड़िया नगर पालिका के वाइस चेयरमैन इनामुर रहमान ने प्रभावित लोगों से मुलाकात कर उन्हें हर संभव सरकारी सहायता का आश्वासन दिया है।