

मुनमुन, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : बंगाल में इस समय कड़ाके की ठंड पड़ रही है। उत्तर-पश्चिम से आ रही ठंडी हवाओं के कारण पूरे दक्षिण बंगाल में तापमान में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की जा रही है। पूर्वी बांग्लादेश और आसपास के क्षेत्रों में ऊपरी हवा का चक्रवात मौजूद है, जबकि उत्तर-पश्चिम भारत में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है। जम्मू-कश्मीर में भी चक्रवाती परिस्थितियाँ बनी हुई हैं, लेकिन राहत की बात यह है कि इन मौसमीय बदलावों का बंगाल पर कोई प्रतिकूल प्रभाव नहीं पड़ेगा। अलीपुर मौसम विभाग के अनुसार, राज्य में इस समय ठंड का बेहतरीन दौर चल रहा है और अगले कुछ दिनों तक इसी तरह की स्थिति बने रहने की संभावना है।
दक्षिण बंगाल के अधिकांश जिलों में न्यूनतम तापमान सामान्य से काफी नीचे है।
कोलकाता: आज न्यूनतम तापमान 15°C दर्ज किया गया।
जिलों में: कई स्थानों पर न्यूनतम तापमान 10–11°C के बीच रहा।
बीरभूम (श्रीनिकेतन): रविवार को पारा 9.8°C तक नीचे चला गया, जो इस सीजन के सबसे कम तापमानों में से एक है।
मौसम विभाग का कहना है कि अगले सात दिनों तक तापमान में कोई बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। सुबह हल्का कोहरा रहेगा, लेकिन बाद में आसमान साफ होने की उम्मीद है।
उत्तर बंगाल में मौसम शुष्क रहेगा और तापमान सामान्य के आसपास रहेगा, हालांकि ऊंचाई वाले क्षेत्रों में ठंड अधिक महसूस की जा रही है।
दार्जिलिंग: तापमान 5°C से नीचे चला गया।
मालदा: न्यूनतम तापमान 15°C दर्ज।
मौसम विभाग के अनुसार बारिश की किसी भी तरह की संभावना नहीं है।
रविवार को कोलकाता में अधिकतम तापमान 25.6°C रहा।
हवा में जल वाष्प की मात्रा और सापेक्षिक आर्द्रता 43% से 89% के बीच रही।
सुबह हल्का धुंधला मौसम रहेगा, दिन में आसमान साफ होगा।
सुबह और शाम के साथ ही दिन में भी ठंड का एहसास जारी रहेगा।