SSC भर्ती में OBC के लिए 7% आरक्षण : शिक्षा मंत्री

आरक्षण घटने पर शिक्षक भर्ती पैनल का करना होगा पुनर्गठन
दीपक बर्मन
दीपक बर्मन
Published on

कोलकाता : राज्य में चल रही एसएससी शिक्षक भर्ती प्रक्रिया में ओबीसी श्रेणी के उम्मीदवारों के लिए 7 प्रतिशत आरक्षण लागू होने की संभावना है। स्कूल शिक्षा मंत्री दीपक बर्मन ने कहा कि आरक्षण का अंतिम प्रतिशत स्कूल सर्विस कमीशन (SSC) तय करेगा, लेकिन फिलहाल 7 प्रतिशत आरक्षण की जानकारी सामने आ रही है।

विद्यासागर भवन में शिक्षकों के प्रशिक्षण शिविर के उद्घाटन के दौरान मंत्री ने कहा, ‘‘कितना प्रतिशत आरक्षण होगा, यह स्कूल सर्विस कमीशन देख रहा है।’’ उन्होंने संकेत दिया कि आरक्षण प्रतिशत में बदलाव का सीधा असर मौजूदा भर्ती प्रक्रिया पर पड़ सकता है।

गौरतलब है कि इससे पहले 17 प्रतिशत ओबीसी आरक्षण के आधार पर शिक्षक भर्ती का पैनल तैयार किया गया था। सत्ता परिवर्तन के बाद राज्य सरकार ने अदालत के समक्ष अपना पक्ष बदलते हुए आरक्षण की गणना में बदलाव किया है। ऐसे में अब नये आरक्षण प्रतिशत के आधार पर भर्ती प्रक्रिया को आगे बढ़ाने की तैयारी की जा रही है।

मंत्री के मुताबिक, यदि मौजूदा पैनल में शामिल उम्मीदवारों के लिए आरक्षण का प्रतिशत कम किया जाता है, तो पैनल का पुनर्गठन करना पड़ सकता है। इससे भर्ती प्रक्रिया में शामिल अभ्यर्थियों की स्थिति भी बदल सकती है।

आरक्षण प्रतिशत में संभावित बदलाव को लेकर उम्मीदवारों के बीच असमंजस बढ़ गया है। अब सभी की नजर एसएससी के अंतिम निर्णय पर है। आयोग द्वारा आरक्षण का प्रतिशत स्पष्ट किये जाने के बाद ही यह तय होगा कि मौजूदा पैनल में किस तरह का बदलाव किया जाएगा और भर्ती प्रक्रिया किस दिशा में आगे बढ़ेगी।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in