

निधि, सन्मार्ग संवाददाता
नदिया: रानाघाट पुलिस जिला के अंतर्गत तहेरपुर थाने के नए ऑफिसर-इन-चार्ज (ओसी) के रूप में कार्यभार संभालने के महज 24 घंटे के भीतर ही जय दास ने इलाके में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए कड़े कदम उठाने शुरू कर दिए हैं। पदभार ग्रहण करते ही उन्होंने अवैध जुआ और असामाजिक गतिविधियों के खिलाफ सक्रिय भूमिका अपनाते हुए एक बड़ी सफलता हासिल की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, तहेरपुर थाना पुलिस को लंबे समय से इलाके के निवासियों से अवैध जुए के अड्डों की शिकायतें मिल रही थीं। इन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए, बीती रात लगभग 12:30 बजे ओसी जय दास के नेतृत्व में पुलिस बल ने तहेरपुर थाना अंतर्गत श्यामनगर पाड़ा मार्केट इलाके के एक सुनसान और परित्यक्त घर में औचक छापेमारी की। पुलिस की इस अचानक कार्रवाई से मौके पर हड़कंप मच गया।
पुलिस ने मौके से 10,610 रुपये नकद और जुए से संबंधित अन्य सामग्रियां भी बरामद की
पुलिस ने जुए के इस अड्डे से सात व्यक्तियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से 10,610 रुपये नकद और जुए से संबंधित अन्य सामग्रियां भी बरामद की हैं। पुलिस सूत्रों का कहना है कि उक्त स्थल पर काफी समय से बड़े पैमाने पर पैसों का दांव लगाकर जुआ खेला जा रहा था, जिससे इलाके का माहौल खराब हो रहा था। इस घटना के बाद थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है और पुलिस पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि इस अवैध कारोबार के पीछे और कौन-कौन से मुख्य सरगना शामिल हैं।
नए ओसी जय दास की इस त्वरित कार्रवाई ने अपराधियों के बीच कड़ा संदेश भेजा है। स्थानीय निवासियों ने पुलिस की इस तत्परता की सराहना की है और उम्मीद जताई है कि आने वाले समय में इलाके से अन्य असामाजिक गतिविधियां भी पूरी तरह समाप्त हो जाएंगी। पुलिस का कहना है कि शांति भंग करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और इस तरह के अभियान भविष्य में भी जारी रहेंगे।