दुर्गापूजा से पहले ICT कंप्यूटर शिक्षकों की सेवा 2 महीने बढ़ी

30 नवंबर तक जारी रहेगी ICT सेवा, शिक्षकों को राहत
दुर्गापूजा से पहले ICT कंप्यूटर शिक्षकों की सेवा 2 महीने बढ़ी
Published on: 

फिलहाल टला नौकरी संकट

मुनमुन, सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : पश्चिम बंगाल स्कूल शिक्षा विभाग ने दुर्गापूजा से ठीक पहले ICT स्कूल परियोजना के तहत कार्यरत कंप्यूटर शिक्षकों के लिए एक राहत भरा कदम उठाया है। विभाग ने बुधवार को जारी एक निर्देश के जरिए फेज-IV, फेज-V और फेज-VI के कंप्यूटर शिक्षकों की सेवा अवधि को दो महीने के लिए बढ़ाने का फैसला किया है। इससे 30 सितंबर को कार्यकाल समाप्त होने के बाद अपनी नौकरी को लेकर गहरी अनिश्चितता और असमंजस में पड़े शिक्षकों को बड़ी राहत मिली है। विभाग के निर्देश के अनुसार 1 अक्टूबर से 30 नवंबर तक या ई-टेंडर प्रक्रिया पूरी होने तक इनमें से जो भी पहले हो, मौजूदा वेंडर के माध्यम से यह परियोजना सुचारु रूप से जारी रहेगी। विभाग ने यह स्पष्ट किया है कि इस व्यवस्था का मुख्य उद्देश्य स्कूलों में ICT सेवाओं की निरंतरता को बिना किसी बाधा के बनाए रखना है, जिसे वित्त विभाग की मंजूरी की प्रत्याशा में आगे बढ़ाया गया है।

इस नए निर्देश के तहत फेज-VI में कार्यरत ICT को-ऑर्डिनेटरों को भी फिलहाल उनके पदों पर बनाए रखने का प्रावधान किया गया है। इसके साथ ही, फेज-VI और VII के आईसीटी को-ऑर्डिनेटरों की सेवा शर्तों में सुधार लाने के लिए कार्मिक एवं प्रशासनिक सुधार विभाग तथा वित्त विभाग के बीच बातचीत जारी रहने की जानकारी भी सामने आई है। इस पूरे घटनाक्रम पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए बंगीय शिक्षक एवं शिक्षाकर्मी समिति के महासचिव स्वपन मंडल ने कहा कि पूजा से पहले कंप्यूटर शिक्षकों की नौकरी पर मंडरा रहा संकट फिलहाल टल गया है, लेकिन यह कोई स्थायी समाधान नहीं है। उन्होंने उम्मीद जताई है कि पूजा की छुट्टियों के तुरंत बाद सरकार इन शिक्षकों के भविष्य को सुरक्षित करने के लिए कोई ठोस और स्थायी व्यवस्था अवश्य लागू करेगी।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in