

सबिता, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : हावड़ा और कोलकाता को जोड़ने वाले सेकेंड हुगली ब्रिज पर एक बार फिर से ट्रैफिक पर ब्रेक लगने जा रहा है। मरम्मत कार्य के कारण 14 दिसंबर रविवार की सुबह 6 से दोपहर 2 बजे तक ब्रिज वाहनों के लिए बंद रहेगा। कोलकाता पुलिस की तरफ से गुरुवार को इस संबंध में नोटिफिकेशन जारी किया गया। नोटिफिकेशन में वैकल्पिक रास्तों का भी उल्लेख किया गया है। जानकारी के मुताबिक एचआरबीसी ने इस ब्रिज पर आठ घंटे के लिए वाहनों के आवागमन पर रोक लगाने के लिए आवेदन किया था। कोलकाता पुलिस ने घोषणा की है कि सेंकेंड हुगली ब्रिज पर सभी प्रकार के वाहनों का आवागमन सुबह 6 बजे से दोपहर 2 बजे तक पूरी तरह से बंद रहेगा। गौरतलब है कि पिछले अगस्त से लगभग हर सप्ताहांत सेंकेंड हुगली ब्रिज पर यातायात प्रतिबंधित रहता है। सोमवार से शुक्रवार तक, सप्ताह के बाकी दिनों में ब्रिज पर ट्रैफिक का भारी दबाव रहता है। प्रतिदिन कम से कम एक लाख वाहन यहां से आवागमन करते हैं। इसी बात को ध्यान में रखते हुए रविवार का दिन तय किया गया है। बता दें कि सेकेंड हुगली ब्रिज पर फिलहाल स्टे केबल्स के रिप्लेसमेंट का काम जारी है। हेल्थ चेकअप में 19 केबल्स को बदलने का सुझाव दिया गया है। तीन चरणों के तहत काम किया जा रहा है। अगले साल तक मरम्मत कार्य पूरा करने का टार्गेट है।
मुख्य बातें
* सेकेंड हुगली ब्रिज पर निर्माण के बाद से अब तक का सबसे बड़ा मरम्मत कार्य जारी है।
* एचआरबीसी ने हेल्थ चेकअप कराया है जिसमें केबल्स, बियरिंग और अन्य स्ट्रक्चरल हिस्सों में मरम्मत की आवश्यकता महसूस हुई है।
* तीन चरणों में काम का टार्गेट रखा गया है।
* वर्तमान में स्टे केबल्स बदलने का काम चल रहा है।
* सेकेंड हुगली ब्रिज स्टे केबल ब्रिज है। 19 स्टे केबल्स को बदला जायेगा।
* कोलकाता और हावड़ा को सेकेंड हुगली ब्रिज जोड़ता है। यह ब्रिज रोजाना 1 लाख से अधिक वाहनों का भार उठाता है।