निधि, सन्मार्ग संवाददाता
बशीरहाट : उत्तर 24 परगना जिले के हसनाबाद स्थित जयग्राम प्राथमिक विद्यालय में मंगलवार को एक बड़ा हादसा हो गया। स्कूल के जर्जर रसोईघर की छत का एक बड़ा हिस्सा (चाँगर) अचानक गिर जाने से वहां काम कर रही मिड-डे मील रसोइया आयशा सरदार गंभीर रूप से घायल हो गई हैं। इस घटना के बाद स्कूल परिसर में हड़कंप मच गया और आनन-फानन में घायल महिला को अस्पताल ले जाया गया।
खाना बनाते समय हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, आयशा सरदार प्रतिदिन की तरह मंगलवार को भी स्कूल के रसोईघर में बच्चों के लिए दोपहर का भोजन तैयार कर रही थीं। तभी अचानक छत का एक भारी हिस्सा उनके सिर और शरीर पर गिर पड़ा। चोट लगते ही वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ीं। शोर सुनकर स्कूल के शिक्षक और अन्य सहकर्मी तुरंत मौके पर पहुंचे और उन्हें मलबे से बाहर निकाला। उन्हें तत्काल टकी ग्रामीण अस्पताल ले जाया गया, जहाँ उनका उपचार चल रहा है। डॉक्टरों के अनुसार, उनके सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गहरी चोटें आई हैं।
प्रशासन की लापरवाही पर फूटा गुस्सा
स्थानीय सूत्रों का आरोप है कि विद्यालय का रसोईघर लंबे समय से जर्जर अवस्था में था। पहले भी प्लास्टर गिरने की छोटी-मोटी घटनाएं हो चुकी थीं, लेकिन प्रशासन ने इसकी मरम्मत पर ध्यान नहीं दिया। इस हादसे के बाद अभिभावकों और ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। ग्रामीणों ने स्कूल के बुनियादी ढांचे की सुरक्षा पर सवाल उठाते हुए मांग की है कि जल्द से जल्द रसोईघर का जीर्णोद्धार किया जाए, अन्यथा भविष्य में बच्चों के साथ भी बड़ा हादसा हो सकता है।