निधि, सन्मार्ग संवाददाता
हावड़ा : स्कूल से घर लौट रही एक किशोरी छात्रा के साथ कथित छेड़छाड़ और गाली-गलौज का विरोध करना तीन सहपाठी छात्राओं को भारी पड़ गया। आरोप है कि विरोध करने पर दो युवकों ने छात्राओं के साथ मारपीट की। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने दोनों युवकों को पकड़ लिया और उनकी पिटाई कर दी। हालांकि, मौका पाकर एक आरोपी फरार हो गया। पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार कर लिया है। घटना मंगलवार शाम जगतबल्लभपुर थाना क्षेत्र के मुंशीहाट चांदनी मोड़ इलाके की है। बताया गया कि तीन स्कूली छात्राएं घर लौट रही थीं। इसी दौरान उन्होंने एक अन्य छात्रा के साथ दो युवकों को कथित तौर पर गाली-गलौज और छेड़छाड़ करते देखा।
पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज
छात्राओं ने इसका विरोध किया तो दोनों युवकों ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। घटना की खबर फैलते ही स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। लोगों ने दोनों युवकों को पकड़ लिया, लेकिन इसी दौरान एक युवक भागने में सफल रहा। पकड़े गए युवक को स्थानीय लोगों ने जगतबल्लभपुर थाने की पुलिस के हवाले कर दिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान शेख शमीम के रूप में हुई है, जो आमता थाना क्षेत्र का निवासी बताया गया है। मारपीट में एक छात्रा घायल हो गई, जिसे जगतबल्लभपुर ग्रामीण अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने शेख शमीम के खिलाफ पॉक्सो एक्ट सहित छेड़छाड़ और मारपीट से संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फरार आरोपी की तलाश जारी है।