

राष्ट्रीय महिला आयोग (एनसीडब्ल्यू) ने ‘सरके चुनर तेरी सरके’ गाने को लेकर उठे विवाद में अभिनेत्री नोरा फतेही और अभिनेता संजय दत्त समेत कई लोगों को समन जारी किया है। आयोग ने इस गाने में कथित अश्लीलता और अभद्रता के आरोपों पर स्वतः संज्ञान लेते हुए यह कार्रवाई की है।
आयोग के अनुसार, प्रारंभिक तौर पर गाने की सामग्री आपत्तिजनक प्रतीत होती है और यह भारतीय न्याय संहिता, सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम तथा पॉक्सो अधिनियम के प्रावधानों का उल्लंघन कर सकती है। इसी आधार पर गीतकार रकीब आलम, निर्माता वेंकट के नारायण और किरण कुमार को भी 24 मार्च को दस्तावेजों के साथ आयोग के समक्ष उपस्थित होने के लिए कहा गया है।
यह गाना कन्नड़ फिल्म केडी: द डेविल का हिस्सा है, जिसे हाल ही में यूट्यूब पर रिलीज किया गया था, लेकिन विवाद बढ़ने के बाद इसे प्लेटफॉर्म से हटा लिया गया। फिल्म के निर्देशक प्रेम और अभिनेता ध्रुव सरजा से जुड़ी यह परियोजना 30 अप्रैल को रिलीज होने वाली है।
विवाद के बीच नोरा फतेही और गीतकार आलम ने खुद को अलग बताते हुए कहा है कि उन्होंने कन्नड़ संस्करण पहले रिकॉर्ड किया था और हिंदी बोलों को लेकर अपनी आपत्ति निर्माताओं तक पहुंचाई थी। वहीं गीतकार का कहना है कि उन्हें कन्नड़ संस्करण का शब्दशः अनुवाद करने के लिए कहा गया था।
एनसीडब्ल्यू ने चेतावनी दी है कि पेश न होने की स्थिति में कानून के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
'सरके चुनर' के गायक ने माफी मांगी, कहा: गाने के बोल बदले जाएंगे
‘सरके चुनर’ गीत के कथित अश्लील बोलों को लेकर मचे बवाल के बाद इसकी गायिका मंगली ने माफी मांगते हुए कहा है कि किसी का भी इरादा किसी की भावनाओं को ठेस पहुंचाना नहीं था। सोशल मीडिया मंच ‘इंस्टाग्राम’ पर कल रात तेलुगु लोक गायिका ने लिखा कि गाने के बोल बदले जाएंगे और जल्द ही दूसरा संस्करण जारी किया जाएगा।
उन्होंने कहा, ‘‘ जनता की भावनाओं का सम्मान करते हुए, गाने को सभी मंचों से हटा दिया गया है। अनजाने में हुई इस गलती के लिए मैं आप सभी से दिल से माफी मांगती हूं। हमारा मकसद किसी की भावनाओं को ठेस पहुंचाना नहीं था और हमें इस चूक का बेहद अफसोस है।’’ इस गाने का हिंदी संस्करण सप्ताह की शुरुआत में जारी किया गया था। इसके कथित अश्लील बोलों के कारण विवाद हो गया था। यह मामला संसद में भी उठाया गया जहां सरकार ने बताया कि गाने पर पहले ही प्रतिबंध लगा दिया गया है।
इस गाने के डांस वीडियो में संजय दत्त के साथ नजर आने वाली अभिनेत्री नोरा फतेही और गीतकार रकीब आलम ने विवाद से खुद को अलग कर लिया है। फतेही ने कहा कि उन्होंने कन्नड़ संस्करण तीन साल पहले रिकॉर्ड किया था और जब उन्होंने हिंदी संस्करण सुना, तो उन्होंने पहले ही निर्माताओं को इस मुद्दे से अवगत करा दिया था। आलम ने बताया कि उन्होंने भी फिल्म निर्माताओं को आगाह किया था कि हिंदी गीत अश्लील हैं। आलम ने कहा कि उन्हें कन्नड़ संस्करण का शाब्दिक अनुवाद करने के लिए कहा गया था और उन्होंने वही किया। कन्नड़ गीत फिल्म के निर्देशक प्रेम ने लिखे थे।