निधि, सन्मार्ग संवाददाता
हावड़ा : हावड़ा शहर से सटे सांकराइल ब्लॉक में लंबे समय से चली आ रही कचरा प्रबंधन की समस्या का अब स्थायी समाधान होने जा रहा है। सांकराइल पंचायत समिति ने पहल करते हुए ठोस कचरा प्रबंधन केंद्र तैयार करने की प्रक्रिया तेज कर दी है। पहले चरण में ब्लॉक की चार प्रमुख पंचायतों—दुईल्या, पांचपाड़ा, खानामाकुआ और झोरहाट—को इस योजना में शामिल किया गया है।
आगामी 1 सितंबर से इन चारों पंचायतों में घर-घर जाकर कचरा संग्रहण का कार्य शुरू कर दिया जाएगा। इस अभियान के लिए शुरुआती चरण में 16 कचरा संग्रहण वाहन मैदान में उतारे जाएंगे। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में आवश्यकतानुसार वाहनों की संख्या बढ़ाई जाएगी।
प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, आवश्यक जमीन की उपलब्धता न होने के कारण अब तक इन क्षेत्रों में स्थायी कचरा प्रबंधन ढांचा स्थापित नहीं हो सका था। अब इस बाधा को दूर कर लिया गया है। चारों पंचायतों से एकत्र किए गए कचरे को केंद्रीय प्रसंस्करण केंद्र (Processing Center) में लाकर रिसाइकिल और निस्तारित किया जाएगा।
हाल ही में आयोजित समीक्षा बैठक में हावड़ा जिला परिषद के सह-सभापति तुषार घोष और पंचायत समिति के वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे। स्थानीय निवासियों का कहना है कि सड़कों और खाली भूखंडों पर कचरा फेंकने से फैल रही दुर्गंध और प्रदूषण से अब उन्हें बड़ी राहत मिलेगी।