निधि, सन्मार्ग संवाददाता
हावड़ा : हावड़ा के उलूबेड़िया नगरपालिका में पिछले तीन महीनों से बकाया वेतन का भुगतान न होने से नाराज सफाई कर्मियों का गुस्सा आखिरकार फूट पड़ा है। शुक्रवार को समस्या का कोई हल न निकलने पर कर्मचारियों ने काम का बहिष्कार कर दिया। सफाई कर्मियों ने अपनी मांगों को लेकर शहर में एक विशाल विरोध रैली निकाली और अनिश्चितकालीन हड़ताल का बैनर थामकर नगरपालिका प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
सड़कों पर फैला कचरा, आम जनता की बढ़ीं मुश्किलें
सफाई कर्मियों के बुधवार से ही काम पर न आने के कारण शहर के प्रमुख स्थानों और सड़कों पर कूड़े-कचरे का अंबार लग गया है। इससे उठती बदबू और गंदगी के कारण स्थानीय नागरिकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। प्रदर्शनकारी कर्मचारियों का साफ कहना है कि जब तक नगरपालिका प्रशासन उन्हें बकाया वेतन के भुगतान की लिखित या ठोस गारंटी नहीं देता, तब तक वे काम पर वापस नहीं लौटेंगे।
प्रशासन का दावा साबित हुआ विफल
गौरतलब है कि बुधवार दोपहर नगरपालिका अधिकारियों ने सफाई कर्मियों के साथ बैठक की थी और दावा किया था कि गतिरोध समाप्त हो गया है तथा कर्मचारी शुक्रवार से काम शुरू कर देंगे। हालांकि, अधिकारियों का यह आश्वासन पूरी तरह विफल साबित हुआ। प्रशासन की ओर से कोई संतोषजनक जवाब न मिलने के कारण कर्मचारियों का गतिरोध और अधिक गहरा गया है।