ललित मोदी के भाई समीर गिरफ्तार

एक महिला के साथ दुष्कर्म का आरोप
Sameer Modi rape case
ललित मोदी के भाई गोडफ्रे फिलिप्स इंडिया लिमिटेड के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर समीर मोदी
Published on

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस ने गुरुवार को भगोड़े ललित मोदी के भाई उद्योगपति और गोडफ्रे फिलिप्स इंडिया लिमिटेड के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर समीर मोदी को एयरपोर्ट से गिरफ्तार किया है। समीर मोदी पर आरोप है कि उन्होंने कई वर्ष पहले एक महिला के साथ दुष्कर्म किया था। यह मामला काफी पुराना है, लेकिन लंबे समय तक चल रही जांच और कानूनी प्रक्रिया के बाद गुरुवार को पुलिस ने समीर मोदी को गिरफ्तार किया है।

विदेश से लौट रहे समीर मोदी को एयरपोर्ट से गिरफ्तार करने के बाद पुलिस न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी थाने ले गई। उसके बाद उन्हें कोर्ट में पेश किया गया। सूत्रों ने बताया कि पीड़िता, गोडफ्रे फिलिप्स इंडिया की पूर्व कर्मचारी बताई जा रही है। सूत्रों के अनुसार वह 6 साल पहले इस कंपनी में काम करती थी। कोर्ट ने समीर मोदी को पुलिस कस्टडी में भेजने का आदेश दिया है ताकि पुलिस उनसे मामले को लेकर गहराई से पूछताछ कर सके और सबूत इकट्ठे किए जा सकें। पुलिस का कहना है कि कस्टडी में पूछताछ के दौरान कई अहम खुलासे हो सकते हैं। 

इधर, समीर मोदी के वकील ने इन आरोपों को गलत बताया है। वकील के मुताबिक, रेप का आरोप लगाने वाली महिला समीर मोदी को ब्लैकमेल कर रही थी और 50 करोड़ रुपये की मांग कर रही थी। इस संबंध में समीर मोदी ने अगस्त में ही पुलिस अधिकारियों से शिकायत की थी। बयान में यह भी कहा गया है कि पुलिस ने बिना किसी जांच के समीर मोदी को एयरपोर्ट से गिरफ्तार कर लिया। समीर मोदी को न्यायालय और जांच एजेंसियों से न्याय की उम्मीद है।

logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in