निधि, सन्मार्ग संवाददाता
नदिया : पश्चिम बंगाल के नदिया जिले से एक ऐसी मर्मस्पर्शी घटना सामने आई है, जिसे सुनकर किसी की भी आंखें नम हो जाएं। शांतिपुर के बाबला दक्षिणपाड़ा इलाके के निवासी सुजय मंडल (24) की राष्ट्रीय राजमार्ग-12 (NH-12) पर एक सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। विडंबना और दुख का विषय यह है कि ठीक एक साल पहले इसी तारीख को सुजय के पिता गणेश मंडल की भी इसी जगह सड़क पार करते समय दुर्घटना में जान चली गई थी। पिता की पुण्यतिथि के दिन ही बेटे की उसी अंदाज में मौत ने पूरे इलाके को शोक में डुबो दिया है।
साउंड सिस्टम का काम करता था सुजय
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, सुजय मंडल विभिन्न आयोजनों में किराए पर साउंड सिस्टम और माइक सेट देने का काम करता था। वह क्षेत्र के अलग-अलग स्थानों पर लगे अपने माइक सेटों की खबर लेने के बाद मोटरसाइकिल से घर लौट रहा था। इसी दौरान बाबला सरदारपाड़ा बाईपास के पास एक तेज रफ्तार काली कार ने उसकी मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि सुजय सड़क पर काफी दूर जा गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया।
अस्पताल पहुंचने से पहले थमी सांसें
खून से लथपथ सुजय को स्थानीय लोगों ने तुरंत शांतिपुर स्टेट जनरल अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। एक मिलनसार और मेहनती युवक के रूप में पहचाने जाने वाले सुजय की अकाल मृत्यु से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। वहीं, राष्ट्रीय राजमार्ग पर आए दिन हो रहे हादसों को लेकर स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश और सुरक्षा को लेकर चिंता व्याप्त है।