साई, कुलदीप और अर्शदीप इंग्लैंड दौरे की टीम में जगह के दावेदार : प्रसाद

20 जून से इंग्लैंड में शुरू होगी भारत के खिलाफ पांच मैचों की टेस्ट शृंखला
साई, कुलदीप और अर्शदीप इंग्लैंड दौरे की टीम में जगह के दावेदार : प्रसाद
Published on: 

नई दिल्ली : भारत के पूर्व मुख्य चयनकर्ता एमएसके प्रसाद का मानना है कि 20 जून से इंग्लैंड में शुरू होने वाली पांच मैचों की टेस्ट शृंखला के लिए अर्शदीप सिंह, साई सुदर्शन और कुलदीप यादव को भारतीय टीम में जगह मिलनी चाहिये। सुदर्शन आईपीएल में शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं और उन्हें काउंटी क्रिकेट का भी अनुभव है। हाल ही में भारत के पूर्व मुख्य कोच रवि शास्त्री ने भी एक साक्षात्कार में सुदर्शन को भारतीय टेस्ट टीम में शामिल करने की वकालत की थी। भारतीय राष्ट्रीय चयन समिति के 2016 से 2020 तक अध्यक्ष रहे प्रसाद ने कहा कि वह लय में चल रहे प्रसिद्ध कृष्णा को टीम में आकाश दीप से ज्यादा तरजीह देंगे।

अजीत अगरकर की अगुवाई वाली मौजूदा राष्ट्रीय चयन समिति मई के तीसरे सप्ताह में इंग्लैंड दौरे पर जाने वाली टीम की घोषणा कर सकती है। रविचंद्रन अश्विन के संन्यास के बाद रविंद्र जडेजा और कुलदीप के साथ वाशिंगटन सुंदर स्पिन गेंदबाजी हरफनमौला की भूमिका में होंगे। प्रसाद का मानना है कि वाशिंगटन तेज गेंदबाजों के अनुकूल इंग्लैंड की परिस्थितियों में भी विकेट लेने वाले गेंदबाज साबित होंगे। प्रसाद ने कहा कि टेस्ट में रोहित शर्मा के भविष्य का फैसला मौजूदा चयन समिति पर छोड़ देना चाहिये।

ऋषभ पंत का दावा मजबूत : उन्होंने कहा कि साई को इस इंग्लैंड शृंखला का हिस्सा होना चाहिए। विश्व टेस्ट चैंपियनशिप का नया चक्र शुरू हो रहा है और यह उन्हें टीम में शामिल करने का आदर्श समय है। रोहित अगर टीम का हिस्सा हैं, तो वह जायसवाल के साथ पारी का आगाज करेंगे और साई वैकल्पिक सलामी बल्लेबाज हो सकते हैं। भारत के इस पूर्व विकेटकीपर ने कहा कि शुभमन गिल के तीसरे और विराट कोहली के चौथे नंबर पर बल्लेबाजी करने की उम्मीद है। विकेटकीपर बल्लेबाज के लिए ऋषभ पंत का दावा मजबूत होगा जबकि लोकेश राहुल अच्छे लय में है और वह शुरुआती मैचों में टीम का हिस्सा होंगे।’’

रेड्डी की फिटनेस पर सवाल : प्रसाद ने कहा कि श्रेयस अय्यर ने सफेद गेंद की क्रिकेट में अच्छा प्रदर्शन किया है, लेकिन मैं उन्हें इंग्लैंड शृंखला के लिए नहीं चुनूंगा।’’ नितीश रेड्डी की फिटनेस पर सवाल उठ रहे हैं क्योंकि उन्होंने आईपीएल के इस सत्र में अभी तक गेंदबाजी नहीं की है, लेकिन प्रसाद का मानना है कि ऑस्ट्रेलिया में उनके प्रदर्शन के बाद वह टीम का हिस्सा होंगे। उन्होंने कहा कि ऑस्ट्रेलिया की तुलना में, रेड्डी गेंदबाज के रूप में इंग्लैंड की परिस्थितियों में अधिक उपयोगी होंगे।

बुमराह, शमी और सिराज का होना तय : तेज गेंदबाजी विभाग के बारे में प्रसाद ने कहा कि चयनकर्ताओं को प्रसिद्ध और अर्शदीप को शामिल करना चाहिए, जो गेंद को दोनों तरफ स्विंग कर सकते हैं। अर्शदीप बायें हाथ के एकमात्र तेज गेंदबाज के रूप में आक्रमण में विविधता ला सकते हैं। तेज गेंदबाजी विभाग में जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद शमी और मोहम्मद सिराज का होना तय है। उन्होंने कहा कि इन तीनों के अलावा अर्शदीप मेरी पहली पसंद होंगे।

इंग्लैंड की परिस्थितियों में, आपको बाएं हाथ के तेज गेंदबाज की जरूरत होती है। वह गेंद को दोनों तरफ स्विंग करने में सक्षम हैं और आत्मविश्वास से लबरेज हैं। उसके पास काउंटी का भी अनुभव है। प्रसाद ने कहा कि भारत के पास 2007 के बाद से इंग्लैंड में अपनी पहली श्रृंखला जीतने का बहुत अच्छा मौका है। स्टुअर्ट ब्रॉड और जेम्स एंडरसन के संन्यास के बाद इंग्लैंड की टीम बदलाव के दौर से गुजर रही है।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in