कोल इंडिया लिमिटेड की ओर से सुरक्षा व स्वास्थ्य दिवस मनाया गया

कोल इंडिया लिमिटेड की ओर से सुरक्षा व स्वास्थ्य दिवस मनाया गया
Published on

सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : वर्ल्ड डे फॉर सेफ्टी एंड हेल्थ एट वर्क के अवसर पर 28 अप्रैल को कोल इंडिया लिमिटेड के कॉर्पोरेट कार्यालय में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत चेयरमैन श्री बी. साईराम, फंक्शनल डायरेक्टर्स एवं मुख्य सतर्कता अधिकारी (CVO) द्वारा शहीद स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित करने के साथ हुई, जिसके बाद सेफ्टी फ्लैग फहराया गया।

इस अवसर पर चेयरमैन ने कर्मचारियों के लिए सकारात्मक मनोसामाजिक कार्य वातावरण के निर्माण पर जोर देते हुए कहा कि स्पष्ट भूमिकाएं, संतुलित कार्यभार, गुणवत्तापूर्ण पर्यवेक्षण तथा कर्मचारियों को सुना और सम्मानित महसूस कराना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने भरोसे, खुली संवाद व्यवस्था और कर्मचारियों को अपनी बात रखने के लिए प्रोत्साहित करने वाले मजबूत निगरानी तंत्र की आवश्यकता पर बल दिया।

डायरेक्टर (एचआर) डॉ. विनय रंजन ने बताया कि कर्मचारियों के लिए एक व्यापक मानसिक स्वास्थ्य एवं कल्याण कार्यक्रम तैयार किया गया है, जिसका उद्देश्य जागरूकता बढ़ाना, आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराना तथा मानसिक स्वास्थ्य पर खुली चर्चा को बढ़ावा देना है, ताकि प्रत्येक कर्मचारी स्वयं को सुरक्षित, समर्थ और सशक्त महसूस कर सके।

कार्यक्रम में डायरेक्टर (मार्केटिंग) मुकेश चौधरी, डायरेक्टर (वित्त) मुकेश अग्रवाल, डायरेक्टर (बिजनेस डेवलपमेंट) आशीष कुमार तथा सीवीओ ब्रजेश कुमार त्रिपाठी भी उपस्थित थे। इस दौरान कर्मचारियों एवं उनके परिवारों के लिए सुरक्षा एवं स्वास्थ्य जागरूकता से संबंधित विभिन्न प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया।

गौरतलब है कि यह दिवस प्रतिवर्ष 28 अप्रैल को विश्वभर में कार्यस्थल पर दुर्घटनाओं और बीमारियों की रोकथाम के उद्देश्य से मनाया जाता है। इस वर्ष की थीम “स्वस्थ मनोसामाजिक कार्य वातावरण सुनिश्चित करें” रखी गई है, जो कार्यस्थल पर तनाव को कम करने और मानसिक स्वास्थ्य को प्राथमिकता देने पर जोर देती है।

logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in