

निधि, सन्मार्ग संवाददाता
हावड़ा : हावड़ा के टिकियापाड़ा के युवा मोहम्मद सदैन रेजा ने अपनी उपलब्धि से हावड़ा और पश्चिम बंगाल का गौरव बढ़ाया है। ‘Know Your Leaders’ कार्यक्रम के तहत उन्हें पश्चिम बंगाल के एकमात्र प्रतिनिधि के रूप में चयनित किया गया। 2 अक्टूबर 2026 को संसद भवन स्थित संविधान सदन में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने हिस्सा लिया और उन्हें राष्ट्रीय स्तर के नेताओं के समक्ष अपने विचार रखने का अवसर मिला। बाली के विधायक संजय सिंह ने सोशल मीडिया पर उन्हें बधाई देते हुए यह जानकारी साझा की है। मिली जानकारी के अनुसार सदैन रेजा ने उक्त कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री तथा लोकसभा में विपक्ष के नेता समेत कई राष्ट्रीय नेताओं से मुलाकात की।
‘Know Your Leaders’ कार्यक्रम में पश्चिम बंगाल के एकमात्र प्रतिनिधि बने
टिकियापाड़ा जैसे क्षेत्र से निकलकर देश की संसद तक पहुंचने की उनकी यात्रा को युवाओं के लिए प्रेरणादायक बताया जा रहा है। सदैन सामरिटन हेल्प मिशन के अमेरिकन सेंटर समर्थित ‘English Access Program’ के पूर्व छात्र हैं। इस कार्यक्रम से उनके अंग्रेजी संवाद कौशल, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता को मजबूती मिली। वह ‘Young Leader Program’ के तहत राज्यपाल पुरस्कार प्राप्त कर चुके हैं। इसके अलावा वे एनसीसी और एनएसएस के पूर्व कैडेट/स्वयंसेवक तथा ‘Viksit Bharat Youth Parliament’ के राज्य चैंपियन भी रहे हैं। उनकी उपलब्धि को केवल व्यक्तिगत सफलता नहीं, बल्कि टिकियापाड़ा के युवाओं के लिए अवसर और आत्मविश्वास की मिसाल के रूप में देखा जा रहा है।