

सियोल : दक्षिण कोरिया के डेजॉन स्थित एक वाहन कलपुर्जा कारखाने में संभावित विस्फोट के बाद लगी भीषण आग में कम से कम 10 लोगों की मौत हो गई, जबकि 59 अन्य घायल हो गए। हादसे के बाद चार लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं।
गृह एवं सुरक्षा मंत्रालय के अनुसार, घायलों में 25 की हालत गंभीर है। घटना के बाद बड़े स्तर पर राहत और बचाव अभियान चलाया गया, जिसमें 500 से अधिक दमकलकर्मी, पुलिस और आपातकालीन सेवाओं के कर्मियों को तैनात किया गया। अधिकारियों ने बताया कि आग लगने की सूचना देर रात करीब 1:18 बजे मिली। डेयदोक जिला के अग्निशमन प्रमुख नैम ड्युक-वू ने कहा कि आग के कारणों का तत्काल पता नहीं चल सका है, लेकिन प्रत्यक्षदर्शियों ने पहले एक जोरदार विस्फोट होने की बात कही है।
बचावकर्मियों ने मलबे से अब तक 10 लोगों के शव बरामद किए हैं और घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। लापता लोगों की तलाश जारी है। प्रशासन ने आशंका जताई है कि मरने वालों की संख्या बढ़ सकती है, क्योंकि कई घायलों की हालत नाजुक बनी हुई है।घटना के बाद इलाके को सील कर दिया गया है और आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। शुरुआती जांच में औद्योगिक विस्फोट की संभावना जताई जा रही है, हालांकि आधिकारिक पुष्टि अभी बाकी है।