शुरुआती कारोबार में रुपये के मूल्य में सुधार

रुपया मंगलवार को शुरुआती कारोबार में अपने सर्वकालिक निचले स्तर से उबरते हुए 10 पैसे की बढ़त के साथ 91.80 प्रति डॉलर पर पहुंच गया।
रुपया
रुपया
Published on: 

मुंबईः रुपया मंगलवार को शुरुआती कारोबार में अपने सर्वकालिक निचले स्तर से उबरते हुए 10 पैसे की बढ़त के साथ 91.80 प्रति डॉलर पर पहुंच गया। विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने बताया कि व्यापारियों के डॉलर की व्यापक कमजोरी की भरपाई के लिए जल्दबाजी करने से रुपये में मामूली मजबूती आई।

अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया, डॉलर के मुकाबले 91.80 पर खुला जो पिछले बंद भाव से 10 पैसे अधिक है। रुपया शुक्रवार को कारोबार के दौरान 92 प्रति डॉलर के सर्वकालिक निचले स्तर पर पहुंच गया था। हालांकि अंत में मामूली सुधार के साथ 91.90 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था। गणतंत्र दिवस के उपलक्ष्य में सोमवार को मुद्रा और शेयर बाजार बंद थे।

इस बीच, छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.02 प्रतिशत की गिरावट के साथ 97.01 पर रहा। घरेलू शेयर बाजार के मोर्चे पर सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 417.68 अंक टूटकर 81,120.02 अंक पर जबकि निफ्टी 111.1 अंक फिसलकर 24,937.55 अंक पर पहुंच गया।

अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड का भाव 1.26 प्रतिशत की गिरावट के साथ 64.42 डॉलर प्रति बैरल रहा। शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) शुक्रवार को बिकवाल रहे थे और उन्होंने शुद्ध रूप से 4,113.38 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in