डिगलीपुर-लक्ष्मीपुर मार्ग की मरम्मत के लिए 10.80 करोड़ रुपये स्वीकृत

स्टेट हाईवे-15 के सुभाषग्राम बाजार से लक्ष्मीपुर तक जर्जर पुलियों का होगा पुनर्निर्माण
डिगलीपुर-लक्ष्मीपुर मार्ग की मरम्मत के लिए 10.80 करोड़ रुपये स्वीकृत
Published on

सन्मार्ग संवाददाता

डिगलीपुर : उत्तर अंडमान के लिए एक महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचा प्रोत्साहन के तहत अंडमान एवं निकोबार प्रशासन ने “स्टेट हाईवे-15 के सुभाषग्राम बाजार से लक्ष्मीपुर तक सुधार कार्य, जिसमें 0.00 किमी से 5.50 किमी तक जर्जर पुलियों का पुनर्निर्माण शामिल है,” हेतु 10.80 करोड़ रुपये की प्रशासनिक एवं व्यय स्वीकृति प्रदान की है। स्टेट हाईवे-15, जिसे डिगलीपुर तहसील की जीवनरेखा माना जाता है, डिगलीपुर बाजार को लगभग 24.70 किमी दूरी पर स्थित हाथीलेवल से जोड़ता है और यह मार्ग कई बस्तियों, पत्थर खदान क्षेत्रों एवं मड वोल्केनो पर्यटन स्थल को सेवा प्रदान करता है। लंबे समय से भारी यातायात, जलभराव तथा प्रमुख सुधार कार्यों के अभाव के कारण इस मार्ग की स्थिति खराब हो चुकी थी, जिससे यात्रियों को काफी असुविधा का सामना करना पड़ रहा था। प्रशासन ने सक्रियता दिखाते हुए 75 मिमी बिटुमिनस मैकाडम ओवरले, 40 मिमी बिटुमिनस कंक्रीट वेयरिंग कोर्स तथा पांच वर्ष के रखरखाव सहित व्यापक सुदृढ़ीकरण कार्यों को मंजूरी दी है। इन सुधार कार्यों के तहत पुराने एवं भूकंप प्रभावित पुलियों को आधुनिक आरसीसी बॉक्स कलवर्ट में परिवर्तित करना भी शामिल है, जिससे मार्ग पर आने-जाने वालों को सुरक्षित आवागमन मिलेगा और सड़क सुरक्षा में उल्लेखनीय सुधार होगा।

अधिकारियों ने बताया कि यह कार्य अंडमान पीडब्ल्यूडी द्वारा निष्पादित किया जाएगा और इसे 10 माह के भीतर पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। इससे कनेक्टिविटी बेहतर होगी, यात्रा सुविधा में सुधार आएगा तथा स्थानीय पर्यटन और आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी।स्थानीय समुदाय एवं यात्री इस निर्णय से उत्साहित है, क्योंकि इससे रोजमर्रा की यात्राओं में होने वाली कठिनाइयों में कमी आएगी और क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी। प्रशासन का मानना है कि यह परियोजना न केवल सड़क की मजबूती बढ़ाएगी, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत संरचना को भी सुदृढ़ करेगी। इस स्वीकृति से यह स्पष्ट संकेत मिलता है कि अंडमान एवं निकोबार प्रशासन सड़क नेटवर्क में सुधार और नागरिकों को सुरक्षित एवं निर्बाध परिवहन सुविधाएं उपलब्ध कराने के प्रति प्रतिबद्ध है।

संबंधित समाचार

No stories found.

कोलकाता सिटी

No stories found.

खेल

No stories found.
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in