टेंगरा के नामी अपार्टमेंट में घुसकर गुंडागर्दी करने का आरोप

आवासन के लोगों ने स्थानीय युवकों के खिलाफ दर्ज करायी शिकायत
फाइल फोटो
फाइल फोटो
Published on

कोलकाता: टेंगरा थाना क्षेत्र स्थित क्रिस्टोफर रोड पर एक रिहायशी अपार्टमेंट में बुधवार देर रात कुछ अज्ञात युवकों द्वारा जबरन घुसकर की गई गुंडागर्दी से इलाके में तनाव और दहशत का माहौल बन गया है। इस घटना को लेकर अपार्टमेंट के निवासियों ने टेंगरा थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है।

घटना के विरोध में बुधवार रात अपार्टमेंट के लोगों ने सड़क पर उतरकर प्रदर्शन किया और पुलिस प्रशासन से हमलावर युवकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

क्या है पूरा मामला?

शिकायत के अनुसार, 17 सितंबर की सुबह कुछ युवक अपार्टमेंट के मुख्य गेट के सामने फुटबॉल खेल रहे थे। इस कारण वहां से लोगों का आना-जाना बाधित हो रहा था। निवासियों और सुरक्षा गार्ड द्वारा कई बार समझाने के बावजूद युवक अपनी हरकतों से बाज नहीं आए। इसके बाद, निवासियों ने एकजुट होकर युवकों से अपार्टमेंट के सामने न खेलने की सविनय अपील की और उन्हें किसी अन्य स्थान पर खेलने के लिए कहा।

इसी बात को लेकर बुधवार देर रात कुछ युवक अपार्टमेंट परिसर में जबरन घुस आए और फ्लैटों के दरवाजों पर लात मारते हुए गाली-गलौज करने लगे। आरोप है कि युवकों ने कॉलिंग बेल बजाकर धमकी दी और लोगों को डराने का प्रयास किया। घटना के वक्त कई परिवार अपार्टमेंट में मौजूद थे और महिलाएं एवं बुजुर्ग बुरी तरह डर गए।

पुलिस की कार्रवाई

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की जांच शुरू कर दी है और हमलावरों की पहचान करने में जुट गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी के लिए अभियान शुरू कर दिया गया है और सभी जरूरी कानूनी कदम उठाए जा रहे हैं।

इस घटना के बाद इलाके में तनाव और सुरक्षा को लेकर चिंता का माहौल है। निवासी अब अपने और अपने परिवार की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं। पुलिस ने लोगों से सहयोग करने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत देने की अपील की है।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in