

सिलीगुड़ी : डकैती की साजिश को नाकाम करते हुए भक्तिनगर थाना पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से धारदार हथियार भी बरामद किए हैं। वहीं, कार्रवाई के दौरान कुछ लोग अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, गुप्त सूचना के आधार पर भक्तिनगर थाना पुलिस ने पीसी मित्तल बस टर्मिनस के पास अभियान चलाया। पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ लोग किसी वारदात को अंजाम देने की तैयारी में जुटे हैं। इसके बाद पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर कार्रवाई शुरू की। पुलिस को देखते ही कुछ लोग मौके से भागने लगे, लेकिन पुलिस ने तीन लोगों को पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान तरवी आलम उर्फ बरकू (35), माणिक बर्मन (22) और आकाश बर्मन (23) के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उनके पास से धारदार हथियार बरामद किए गए। पूछताछ में कथित तौर पर भानुनगर इलाके में डकैती की तैयारी की बात सामने आई है।
पुलिस ने तीनों आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फरार लोगों की तलाश भी जारी है।