

निधि, सन्मार्ग संवाददाता
हावड़ा: दुर्गापूजा में अब कुछ ही दिन शेष हैं। ऐसे में लगातार बारिश के कारण खराब हुई हावड़ा की सड़कों को दुरुस्त करने का काम तेज कर दिया गया है। बारिश थमते ही हावड़ा शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक छोटी-बड़ी सड़कों की मरम्मत और पुनर्निर्माण का काम शुरू हो गया है। प्रशासन का लक्ष्य पूजा के दौरान लोगों को सुगम और सुरक्षित यातायात उपलब्ध कराना है। लिलुआ झील रोड, दासनगर-हावड़ा-आमता रोड, नस्करपाड़ा रोड, जे.एन. मुखर्जी रोड और नटवर पाल रोड समेत कई प्रमुख सड़कों पर काम चल रहा है। इसके अलावा हावड़ा नगर निगम के सातों बोरो क्षेत्रों की गलियों और अंदरूनी सड़कों की भी मरम्मत की जा रही है। बारिश के कारण जगह-जगह सड़कें क्षतिग्रस्त होने से लोगों को लंबे समय से आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
पूजा में खरीदारी और पंडाल दर्शन के दौरान लोगों को सुगम यातायात की उम्मीद
सड़क मरम्मत का काम ऐसे समय में शुरू हुआ है, जब पूजा की खरीदारी और पंडाल दर्शन के लिए शहर में लोगों की आवाजाही बढ़ने वाली है। ऐसे में सड़कों की स्थिति बेहतर होने से लोगों को काफी राहत मिलने की उम्मीद है। ग्रामीण इलाकों में संपर्क मार्गों के दुरुस्त होने से आसपास के क्षेत्रों से शहर तक पहुंचना भी आसान हो सकेगा। दासनगर में हाल में हुई सड़क हादसे की घटना के बाद खराब सड़कों को लेकर लोगों की चिंता और बढ़ गई थी। अब निर्माण कार्य शुरू होने से स्थानीय लोगों में राहत की उम्मीद जगी है। हालांकि उनके सामने सबसे बड़ा सवाल यही है कि पूजा शुरू होने से पहले कितनी सड़कों का काम पूरा हो पाएगा। स्थानीय लोगों का कहना है कि समय कम है और काम तेज गति से चल रहा है, लेकिन सभी प्रमुख सड़कों को समय पर यातायात योग्य बनाना जरूरी है।