

सबिता, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : पश्चिम बंगाल के नये राज्यपाल रवींद्र नारायण रवि ने गुरुवार को लोकभवन में पद और गोपनीयता की शपथ ली। भारतीय पुलिस सेवा के पूर्व अधिकारी आर एन रवि को लोकभवन कोलकाता में आयोजित शपथ समारोह में कलकत्ता उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश सुजॉय पॉल ने पद की शपथ दिलाई। इस समारोह में सीएम ममता बनर्जी उपस्थित थीं। सीएम ने राज्यपाल को शॉल ओढ़ाकर उन्हें सम्मानित किया। समारोह में विधानसभा के स्पीकर विमान बनर्जी, वाममोर्चा के अध्यक्ष बिमान बोस सहित कई गण्यमान उपस्थित रहे। कार्यक्रम में राज्य की मुख्य सचिव नंदिनी चक्रवर्ती, गृह सचिव जगदीश प्रसाद मीणा के साथ कई वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी उपस्थित थे। कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रगान और राष्ट्रीय गीत से हुआ। आर एन रवि को लोकभवन में ‘गार्ड ऑफ ऑनर’ दिया गया। इसके बाद उन्होंने लोकभवन के सरदार पटेल यूनिटी हॉल में शपथ ली। यहां बता दें कि डॉ. सी वी आनंद बोस ने गत पांच मार्च को राज्यपाल पद से इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद रवि को पश्चिम बंगाल का राज्यपाल नियुक्त किया गया। इससे पहले वह नगालैंड, मेघालय और तमिलनाडु के राज्यपाल रह चुके हैं। इससे पहले आर एन रवि ने खुफिया ब्यूरो में अपनी सेवाएं दी हैं। बंगाल में विधानसभा चुनाव की औपचारिक घोषणा से कुछ ही दिन पहले रवि ने बंगाल में अपना नया पदभार संभाला है।
बंगाल से प्रेम करने वालों से यहां के लोग प्रेम करते हैं : सीएम
राज्यपाल के शपथ लेने के बाद सीएम ने आर एन रवि और उनकी पत्नी का अभिवादन किया। सीएम ने उन्हें राज्य सरकार के प्रमुख स्टोर, विश्व बांग्ला के पारंपरिक शॉल से उनका स्वागत किया। नये राज्यपाल के साथ बातचीत के दौरान ममता बनर्जी ने बंगाल को संस्कृति की भूमि बताया और कहा कि जो बंगाल से प्यार करते हैं, बंगाल के लोग भी उन्हें प्यार करते हैं। राज्यपाल ने मुस्कुराते हुए जवाब में कोलकाता को देश की सांस्कृतिक राजधानी बताया। उन्होंने उल्लेख किया कि ब्रिटिश शासन के दौरान यह महानगर भारत की राजधानी रह चुका है।