वीकेंड पर ‘कालबैसाखी’ की वापसी : दक्षिण बंगाल में ऑरेंज अलर्ट

वीकेंड पर ‘कालबैसाखी’ की वापसी : दक्षिण बंगाल में ऑरेंज अलर्ट

शुक्रवार–शनिवार को चरम पर रहेगा मौसम का प्रकोप
Published on

50–60 किमी/घंटा की रफ्तार से चलेंगी हवाएं

मुनमुन, सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : पश्चिम बंगाल में एक बार फिर मौसम का मिजाज बिगड़ने जा रहा है। अलीपुर मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार राज्य में आगामी रविवार तक बारिश के लिए अनुकूल परिस्थितियां बनी रहेंगी। विशेष रूप से शुक्रवार और शनिवार को दक्षिण बंगाल के कई जिलों में ‘कालबैसाखी’ (नॉर-वेस्टर्स) का प्रभाव देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि इन दो दिनों के दौरान मौसम की तीव्रता अपने चरम पर होगी। दक्षिण बंगाल के कई हिस्सों में तेज आंधी के साथ भारी बारिश होने की संभावना है।

ऑरेंज अलर्ट : सतर्क रहने की सलाह

इस दौरान हवा की रफ्तार 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है, जिससे जनजीवन प्रभावित होने की आशंका है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मौसम विभाग ने संबंधित जिलों के लिए ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया है। इसके तहत लोगों को सतर्क रहने और अनावश्यक रूप से बाहर नहीं निकलने की सलाह दी गई है। साथ ही, आकाशीय बिजली गिरने की घटनाओं को ध्यान में रखते हुए सुरक्षित स्थानों पर शरण लेने की हिदायत दी गई है। महानगर में भी इस मौसमी बदलाव का असर दिखाई देगा। यहां शुक्रवार और शनिवार के लिए ‘येलो अलर्ट’ जारी किया गया है, जिसके तहत हल्की से मध्यम बारिश और तेज हवाओं की संभावना जताई गई है। विशेषज्ञों के अनुसार, इस तरह के नॉर-वेस्टर्स अचानक आते हैं और तेजी से प्रभाव डालते हैं, इसलिए नागरिकों को सावधानी बरतनी चाहिए। प्रशासन ने भी आपात स्थितियों से निपटने के लिए आवश्यक तैयारियां शुरू कर दी हैं।

logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in