

मुंबई : श्रीमती नीता अंबानी की परिकल्पना से तैयार होने वाला यह टाउनशिप कर्जत में स्थित होगा। यहां उन लोगों को जीवन भर के लिए एक स्नेहपूर्ण घर मिलेगा, जहां विश्व स्तरीय स्वास्थ्य सेवाएं, देखभाल की सुविधाएं और सम्मान से जीवन जीने के अवसर उपलब्ध होंगे।
रिलायंस फाउंडेशन की संस्थापक और चेयरपर्सन श्रीमती नीता अंबानी ने रविवार (1 नवंबर, 2026) को ‘नीता मुकेश अंबानी अनंत आश्रय’ की स्थापना की घोषणा की। यह एक अनूठी पहल है, जिसे अनाथ बच्चों, वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांग व्यक्तियों के लिए जीवन भर के घर के रूप में परिकल्पित किया गया है। यहां उन्हें सम्मान, देखभाल, आराम और उद्देश्यपूर्ण जीवन मिलेगा, साथ ही व्यापक स्वास्थ्य सेवाएं और व्यक्तिगत विकास के अवसर भी उपलब्ध होंगे।
श्रीमती नीता अंबानी ने रविवार को मुंबई के पास कर्जत में प्रस्तावित स्थल पर भूमि पूजन और शिलान्यास समारोह संपन्न किया। लगभग 100 एकड़ में फैला ‘नीता मुकेश अंबानी अनंत आश्रय’ एक स्थायी, गैर-लाभकारी संस्थान होगा, जिसे सभी आवश्यक मंजूरियां मिलने के बाद चरणों में विकसित किया जाएगा।
इस पहल के मूल में श्रीमती नीता अंबानी का यह गहरा विश्वास है कि हर जीवन सम्मान का हकदार है और हर व्यक्ति सहानुभूति, करुणा और देखभाल पाने का अधिकारी है। रिलायंस फाउंडेशन के ‘वी केयर (हम परवाह करते हैं)’ के दर्शन पर आधारित यह सोच ‘नीता मुकेश अंबानी अनंत आश्रय: हर जीवन के लिए एक घर’ के रूप में एक सार्थक रूप लेगी।
भूमि पूजन समारोह में रिलायंस फाउंडेशन की संस्थापक और चेयरपर्सन श्रीमती नीता अंबानी ने कहा, ‘मेरे और मेरे परिवार के लिए ‘नीता मुकेश अंबानी अनंत आश्रय’ हमारे दिल के बहुत करीब है। यह दिव्यांग लोगों, बेसहारा बच्चों और देखभाल व सहारे की जरूरत वाले बुजुर्गों के लिए एक प्यार भरा घर बनाने की दिशा में उठाया गया कदम है।
हम एक ऐसे समुदाय की कल्पना करते हैं, जहां प्यार भरी देखभाल और चिकित्सा सहायता के साथ-साथ पारिवारिक जीवन की आत्मीयता भी हो। यहां लोग प्रकृति के बीच रहें, जहां उन्हें सीखने, काम करने, दोस्त बनाने और त्योहारों व उत्सवों की खुशियों का अनुभव करने के अवसर मिलें।’
उन्होंने कहा, ‘एक मां के रूप में मेरी सबसे बड़ी इच्छा यह है कि जिन माता-पिता ने जीवन भर इस चिंता में बिताया है कि उनके न रहने पर उनके बच्चों की देखभाल कौन करेगा, उन्हें यह जानकर सुकून मिले कि उनके बच्चों के पास हमेशा अपना एक घर और अपना एक परिवार होगा। सबसे बड़ी बात, हमें उम्मीद है कि ‘नीता मुकेश अंबानी अनंत आश्रय’ हर उम्र के व्यक्ति को सम्मान के साथ जीने का मौका देगा, ताकि वे हर नए दिन को उम्मीद के साथ देख सकें।’
घर से दूर, एक अपना घर
‘नीता मुकेश अंबानी अनंत आश्रय’ को बहुत सोच-समझकर डिजाइन किया गया है। यह एक ऐसा समावेशी टाउनशिप हैस जो 5,000 से अधिक लोगों को जीवन भर के लिए घर देगा। इनमें दिव्यांग लोग, अनाथ बच्चे और वरिष्ठ नागरिक शामिल होंगे। देखभाल करने वालों, चिकित्सा पेशेवरों, सपोर्ट स्टाफ और उनके परिवारों को मिलाकर, इस टाउनशिप में लगभग 15,000 लोगों का एक समुदाय बसने की उम्मीद है।
‘नीता मुकेश अंबानी अनंत आश्रय’ सिर्फ एक संस्थान नहीं, बल्कि एक जीवंत और देखभाल करने वाला समुदाय होगा। यहां रहने वाले लोग मरीजों की तरह नहीं, बल्कि पड़ोसियों की तरह रहेंगे, जहां उन्हें एक परिवार जैसी आत्मीयता, सुरक्षा और अपनापन मिलेगा। इस टाउनशिप में घर और सड़कें, मंदिर और अस्पताल, खेल के मैदान, बगीचे, खेत और कार्यशालाएं (वर्कशॉप) होंगी।
यहां एक ऐसा माहौल बनेगा, जहां हर व्यक्ति को एक संतोषजनक और सार्थक जीवन जीने का अवसर मिलेगा। यहां रहने वाले लोग छोटे, पारिवारिक माहौल वाले घरों में रहेंगे, जहां उनकी देखभाल के लिए समर्पित ‘हाउस पेरेंट्स’ और केयरगिवर्स मौजूद होंगे। हर घर को इस तरह डिजाइन किया जाएगा कि वहां आराम, अपनापन और निजी जुड़ाव का एहसास हो। यहां रहने वालों को अपने कमरों को अपनी पसंद के रंगों, तस्वीरों और अपनी प्रिय चीजों से सजाने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा।
हर व्यक्ति के लिए एक विशेष देखभाल और विकास योजना तैयार की जाएगी। यह योजना उनसे और उनके परिवारों से सलाह लेकर बनाई जाएगी, जिसमें स्वास्थ्य सेवा, शिक्षा, कौशल विकास, रोजगार, दोस्ती और व्यक्तिगत भलाई जैसे पहलू शामिल होंगे। देखभाल के समन्वय के लिए एक समर्पित ‘की वर्कर’ होगा।
इन योजनाओं की हर 6 महीने में समीक्षा की जाएगी, ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि बचपन से लेकर बुढ़ापे तक, हर व्यक्ति की बदलती जरूरतों के हिसाब से उन्हें सही सहयोग मिलता रहे।
इस प्रस्तावित टाउनशिप में आठ आवासीय गांव होंगे, जिनका नाम भारत की पवित्र नदियों के नाम पर रखा जाएगा। हर गांव का अपना अलग रंग, प्रतीक और ‘सेंसरी गार्डन (संवेदी उद्यान)’ होगा, जिससे यहां रहने वालों को अपने आस-पास की जगह को पहचानने और वहां आसानी से व स्वतंत्र रूप से आने-जाने में मदद मिलेगी।
‘नीता मुकेश अंबानी अनंत आश्रय’ का लक्ष्य अपने आस-पास के समुदाय का एक अभिन्न हिस्सा बनना भी है। यहां बने मंदिर, अस्पताल, खेल सुविधाओं और कैफे का लाभ आस-पास के गांवों के लोग भी उठा सकेंगे। साथ ही, इस क्षेत्र के लगभग 1,000 लोगों को यहां थेरेपी, शिक्षा और रोजगार के अवसर मिलने की उम्मीद है।
इसके अलावा, हजारों अन्य लोग ‘रेस्पाइट केयर (देखभाल करने वालों को कुछ समय के लिए राहत देने वाली सेवा)’, आउटरीच कार्यक्रमों और सामुदायिक स्वास्थ्य सेवाओं से लाभान्वित होंगे।