राम मंदिर चढ़ावा चोरी केस पहुंचा सुप्रीम कोर्ट, ट्रस्ट को नोटिस; SIT से मांगी रिपोर्ट

सुप्रीम कोर्ट ने राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट को जारी किया नोटिस, उत्तर प्रदेश सरकार की SIT से मांगी स्टेटस रिपोर्ट; अगले सोमवार होगी अगली सुनवाई।
राम मंदिर चढ़ावा चोरी केस पहुंचा सुप्रीम कोर्ट, ट्रस्ट को नोटिस; SIT से मांगी रिपोर्ट
Published on

नई दिल्ली: अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी का मामला अब सुप्रीम कोर्ट पहुंच गया है। सोमवार (13 जुलाई) को मामले की सुनवाई करते हुए सुप्रीम कोर्ट ने राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट को नोटिस जारी किया और उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा गठित विशेष जांच दल (SIT) से जांच की स्टेटस रिपोर्ट तलब की है।

मुख्य न्यायाधीश सीजेआई सूर्यकांत, न्यायमूर्ति जॉयमाल्य बागची और वी. मोहना की पीठ ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा गठित SIT अगली सुनवाई से पहले अपनी प्रगति रिपोर्ट अदालत में पेश करे। अदालत ने मामले की अगली सुनवाई अगले सोमवार तय की है।

SIT से मांगी गई पूरी जानकारी

सुनवाई के दौरान अदालत ने कहा कि SIT अपनी स्टेटस रिपोर्ट में जांच की वर्तमान स्थिति के साथ-साथ उसके गठन और अब तक की कार्रवाई का पूरा विवरण प्रस्तुत करे। कोर्ट ने स्पष्ट किया कि जांच की प्रगति से जुड़े सभी तथ्य रिपोर्ट में शामिल किए जाएं।

सॉलिसिटर जनरल ने क्या कहा?

सुनवाई के दौरान एक वकील ने अदालत को बताया कि उत्तर प्रदेश सरकार इस मामले की जांच के लिए पहले ही SIT का गठन कर चुकी है। इस पर सॉलिसिटर जनरल ने कहा कि वे उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से अदालत में पेश हो रहे हैं।

पीठ ने उनसे पूछा कि क्या वे केंद्र सरकार की ओर से भी नोटिस स्वीकार करेंगे, जिस पर उन्होंने सहमति जताई। हालांकि बाद में सुप्रीम कोर्ट ने स्पष्ट किया कि फिलहाल केवल राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट को नोटिस जारी किया जा रहा है, जबकि केंद्र और उत्तर प्रदेश सरकार को अलग से नोटिस जारी नहीं किया गया है।

सॉलिसिटर जनरल ने अदालत को भरोसा दिलाया कि केंद्र और उत्तर प्रदेश सरकार इस मामले में न्यायालय को हरसंभव सहयोग देंगी।

अब सभी की नजर अगली सुनवाई पर है, जब SIT अपनी स्टेटस रिपोर्ट सुप्रीम कोर्ट के समक्ष पेश करेगी और मामले की जांच की दिशा पर आगे फैसला लिया जाएगा।

Google पर संवाद सर्च बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in