राम का नाम लेकर सत्ता और गरीब के हक पर वार

यही है भाजपा का असली चरित्र : कांग्रेस
कांग्रेस महासचिव (संचार) जयराम रमेश
कांग्रेस महासचिव (संचार) जयराम रमेश
Published on: 

नई दिल्ली : कांग्रेस ने मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर भगवान राम के नाम पर राजनीति करने तथा गरीबों के रोजगार के अधिकार पर प्रहार करने का आरोप लगाते हुए दावा किया कि यही सत्तारूढ़ दल का ‘असली चाल, चरित्र और चेहरा’ है। पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने एक खबर का हवाला देते हुए ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘भगवान श्रीराम का नाम लेकर सत्ता की राजनीति और गरीब के हक पर वार, यही भाजपा का असली चाल, चरित्र और चेहरा है।’

जयराम रमेश ने लगाया आरोप

उन्होंने आरोप लगाया, ‘पहले भगवान श्रीराम के नाम पर चंदा चोरी, फिर मनरेगा में 100 दिनों के रोजगार के हक पर चोट, और अब विकसित भारत-जी राम जी अधिनियम में फर्जी हाजिरी के जरिए गरीबों का हक मार कर सरकारी लूट का खेल हो रहा है।’ कांग्रेस नेता ने कहा, ‘नाम राम का, वार गरीब पर और लूट रोजगार के हक की!’ रमेश ने दावा किया कि यह महज भ्रष्टाचार नहीं, आस्था के नाम पर भरोसे और रोजगार के नाम पर गरीबों के अधिकारों की लूट है।’ उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा, ‘भाजपा की राजनीति में न भगवान श्रीराम के प्रति सच्ची श्रद्धा दिखाई देती है, न गरीब के प्रति संवेदना है।’ रमेश ने जिस खबर का हवाला दिया उसमें दावा किया गया है कि क्लोन ऐप का सहारा लेकर विकसित भारत जी राम जी योजना में फर्जी हाजिरी लगाने का खेल चल रहा है। विकसित भारत जी राम जी योजना मनरेगा के स्थान पर लाई गई है।

मोदी के ‘झोला उठाने’ का वक्त आ गया है : 

कांग्रेस ने महंगाई और ‘वोट चोरी’ को लेकर मंगलवार को केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए अब ‘झोला उठाने का वक्त’ आ गया है। पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने ‘:X’ पर एक खबर का हवाला देते हुए कहा, ‘हेडलाइन बताती है कि सितंबर महीने में महंगाई 5.54% पहुंच गई है, लेकिन असली बात यह है कि खाद्य महंगाई 7.74% हो गई है यानी खाने की लगभग हर चीज की कीमत हद पार कर चुकी हैं। जैसे प्याज 108% महंगा, लहसुन 55%, अदरक 63% और नींबू 36% महंगा हो गया है।’ कांग्रेस नेता ने सरकारी आंकड़ों का उल्लेख करते हुए कहा कि खुदरा महंगाई मार्च के 3.40% से लगातार बढ़ते हुए सितंबर में 5.54% पर पहुंच गई, जो 23 महीने का उच्चतम स्तर है।

महंगाई सिर्फ थाली तक सीमित नहीं

जयराम रमेश ने कहा, ‘महंगाई का असर सिर्फ थाली तक सीमित नहीं है। परिवहन, शिक्षा, कपड़े-जूते और घरेलू सामान सहित सब जरूरी सामान महंगे हो रहे हैं।’ उन्होंने आरोप लगाया, ‘गरीब की थाली से निवाला, मध्यम वर्ग की जेब से बचत गायब हो रही है और कर्ज का बोझ बढ़ता जा रहा है, लेकिन प्रधानमंत्री अहंकार में डूबे हैं, जनता की परेशानियों पर ध्यान नहीं दे रहे।’ रमेश ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा, ‘‘अच्छे दिन’ का वादा करके सत्ता में आने वाली सरकार वोट चोरी के साथ साथ बचत चोरी भी कर रही है।’ उन्होंने सवाल किया, ‘जब वोट चोर सरकार को जनता की नाराजगी और वोट खोने का डर ही नहीं है, तो वह जनता की परवाह क्यों करेगी?’ कांग्रेस महासचिव ने कहा, ‘अब यही हो रहा है। महंगाई बढ़ती जा रही है, वोट चोरी पर जनता का आक्रोश बढ़ता जा रहा है, लेकिन प्रधानमंत्री जी मौनी बाबा बनकर बैठे हुए हैं।’ उन्होंने कहा, ‘अब उनके लिए झोला उठाने का वक्त आ गया है।’

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in