New Delhi
राजनाथ सिंह

राजनाथ फिलीपींस जाएंगे

आसियान देशों और उसके कुछ संवाद साझेदारों के समूह की बैठक में लेंगे हिस्सा
Published on: 

नयी दिल्ली : रक्षामंत्री राजनाथ सिंह इस सप्ताह फिलीपींस की यात्रा करेंगे, जहां वह आसियान देशों और उसके कुछ संवाद साझेदारों के समूह की बैठक में हिस्सा लेंगे। इस बैठक में क्षेत्र में बदलते सुरक्षा हालात पर विचार-विमर्श किए जाने की संभावना है।राजनाथ सिंह 28 और 29 अक्टूबर को सेबू में होने वाली आसियान रक्षा मंत्रियों की बैठक-प्लस (एडीएमएम-प्लस) में क्षेत्र के सामने मौजूद आतंकवाद के खतरे सहित प्रमुख सुरक्षा चुनौतियों से निपटने के संबंध में भारत का पक्ष रखेंगे। ‘एडीएमएम-प्लस’ 11 सदस्यीय आसियान (दक्षिण-पूर्व एशियाई देशों का संगठन) और उसके आठ संवाद साझेदारों- भारत, चीन, ऑस्ट्रेलिया, जापान, न्यूजीलैंड, दक्षिण कोरिया, रूस और अमेरिका का मंच है। एक आधिकारिक बयान में कहा गया कि रक्षामंत्री सेबू में 13वीं ‘एडीएमएम-प्लस’ में भारतीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करेंगे। वह बैठक के दौरान इसमें भाग लेने वाले देशों के अपने समकक्षों के साथ द्विपक्षीय बैठकें भी करेंगे। भारत 1992 में आसियान का संवाद साझेदार बना था। ‘एडीएमएम-प्लस’ की पहली बैठक 12 अक्टूबर, 2010 को हनोई में हुई थी। फिलीपींस 2026 में ‘एडीएमएम-प्लस’ का अध्यक्ष है। ‘एडीएमएम-प्लस’ के तहत भारत 2024-2027 की अवधि के लिए मलेशिया के साथ आतंकवाद-रोधी विशेषज्ञ कार्य समूह की सह-अध्यक्षता कर रहा है। रक्षा मंत्रालय ने कहा कि इस समूह में भारत की सक्रिय भागीदारी, ‘एक्ट ईस्ट’ नीति के तहत दक्षिण-पूर्व एशिया में रक्षा कूटनीति को मजबूत करने के प्रयासों को दर्शाती है। इस नीति का उद्देश्य क्षेत्र में शांति, स्थिरता और सामूहिक विकास सुनिश्चित करना है।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in