

हावड़ाः रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सोमवार को कहा कि पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार आने के एक महीने के भीतर अपराधी ‘‘जेल में होंगे या भगवान जाने कहां’’। उन्होंने, हालांकि कहा कि बंगाल में बेरोजगारी समाप्त करने में लगभग पांच से 10 साल लगेंगे। सिंह हावड़ा जिले के अमटा में आयोजित ‘‘परिवर्तन यात्रा’’ रैली को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा, ‘‘बंगाल में भाजपा सरकार बनने के एक महीने के भीतर, अपराधी या तो जेल में होंगे, या भगवान जाने कहां।’’ उन्होंने यह भी कहा कि बंगाल में भाजपा सरकार युवाओं के लिए रोजगार पैदा करेगी। सिंह ने कहा, ‘‘यहां बेरोजगारी की समस्या को समाप्त करने में हमें पांच से 10 साल लगेंगे।’’
उन्होंने आरोप लगाया कि तृणमूल कांग्रेस राज्य में लोगों को विभाजित कर रही है। उन्होंने कहा, ‘‘भाजपा केवल सरकार बनाने के लिए नहीं, बल्कि समाज सुधारने के लिए राजनीति करती है, जबकि तृणमूल राज्य के लोगों को विभाजित कर रही है।’’ उन्होंने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से पूछा, ‘‘राज्य में अपराध में लिप्त लोगों को सजा क्यों नहीं दी जाती? आप 15 साल से सरकार चला रही हैं, पश्चिम बंगाल में गरीबी क्यों नहीं मिटाई गई और महिलाएं सुरक्षित क्यों महसूस नहीं करतीं?’’
बनर्जी पर अपराधियों को तरजीह देने का आरोप लगाते हुए सिंह ने कहा, ‘‘उनका (ममता का) स्नेह अपराधियों, भ्रष्टाचारियों और एक विशेष धर्म के लोगों के लिए है।’’ उन्होंने यह भी कहा कि अपराधियों का अब यह मानना है कि उनकी (बनर्जी की) सरकार में उनका कोई नुकसान नहीं होगा। सिंह ने दावा किया कि राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो (एनसीआरबी) के आंकड़ों के अनुसार, महिलाओं पर अत्याचार की सबसे अधिक घटनाएं बंगाल में होती हैं। उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘बंगाल में कानून तोड़ने वाले ही हावी हैं, कानून नहीं।’’