राजस्थान ATS ने जैश-ए-मोहम्मद से जुड़ी महिला स्लीपर सेल को पकड़ा, ब्रेनवॉश कर पाकिस्तान भेजने की थी तैयारी

खुफिया एजेंसियां बंद कमरे में पूछताछ कर पूरे नेटवर्क की पड़ताल में जुटीं
Rajasthan
राजस्थान ATS ने जैश-ए-मोहम्मद से जुड़ी महिला स्लीपर सेल को पकड़ाफोटो इंटरनेट से साभार
Published on

जयपुर : राजस्थान एटीएस ने मिलिट्री इंटेलिजेंस की खुफिया इनपुट पर एक बड़ी कार्रवाई करते हुए प्रतिबंधित आतंकी संगठन 'जैश-ए-मोहम्मद' से जुड़ी एक संदिग्ध महिला स्लीपर सेल को गिरफ्तार किया है। सुरक्षा एजेंसियों की इस मुस्तैदी से राज्य में एक संभावित बड़े खतरे को समय रहते टाल दिया गया है।

जयपुर ग्रामीण से हुई गिरफ्तारी

एटीएस के मुताबिक, गिरफ्तार की गई महिला का नाम बबीता है, जो मूल रूप से राजस्थान के सवाई माधोपुर जिले की रहने वाली है। इसे जयपुर ग्रामीण इलाके से दबोचा गया है। मिलिट्री इंटेलिजेंस को इस महिला की संदिग्ध गतिविधियों के बारे में पुख्ता जानकारी मिली थी, जिसे तुरंत राजस्थान एटीएस के साथ साझा किया गया।

ब्रेनवॉश कर पाकिस्तान भेजने की थी तैयारी

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि संदिग्ध महिला का पूरी तरह से ब्रेनवॉश किया गया था, जिसके बाद वह देश विरोधी ताकतों के संपर्क में आकर स्लीपर सेल के रूप में काम कर रही थी। इसके अलावा, मामले से जुड़े सूत्रों का कहना है कि महिला का धर्म परिवर्तन कराने की भी कोशिश की गई थी और वह सीमा पार यानी पाकिस्तान जाने की फिराक में थी। सुरक्षा के लिहाज से संवेदनशील मामला होने के कारण एटीएस और खुफिया एजेंसियां महिला से बंद कमरे में गहन पूछताछ कर रही हैं, ताकि इसके पूरे नेटवर्क और मददगारों का पता लगाया जा सके।

जांच एजेंसियां महिला का नेटवर्क खंगाल रही हैं

ATS और अन्य केंद्रीय एजेंसियां पता लगा रही हैं कि बबीता का संपर्क किन लोगों से था। बबीता को किसने प्रभावित किया और क्या वह किसी बड़े नेटवर्क का हिस्सा थी। फिलहाल मामले में पूछताछ जारी है। जांच एजेंसियां कई महत्वपूर्ण पहलुओं पर जानकारी जुटा रही हैं।

Google पर संवाद सर्च बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in